‘कर्जा’ में जोगिंद्रनगर के दमनदीप लीड रोल में
जोगिंद्रनगर – जोगिंद्रनगर के मध्यम वर्गीय परिवार में जन्म लेने वाले दमनदीप सिंह डेढ़ साल बाद एक बार फिर से बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। दमनदीप सिंह ने बताया कि हाल ही में उनकी नई पंजाबी फिल्म ‘कर्जा’ की शूटिंग पूरी हुई है। फिल्म जल्द ही रिलीज होने वाली है, जिसमें दमनदीप मुख्य अभिनेता कि भूमिका में नजर आएंगे। वहीं पंजाबी कलाकार अर्पूवा मुख्य नेत्री, हरजिंद्र ढिल्लों, गगन चावला, प्रभ व गुरजीत चाहल भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। दमनदीन सिंह ने बताया कि ‘कर्जा’ फिल्म हर ज्ञान फिल्म प्रोडक्शन कंपनी अमृतसर के बैनर तले बनाई गई है। इसे प्रसिद्ध डायरेक्टर अमरपाल द्वारा निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि ‘कर्जा’ फिल्म एक शार्ट स्टोरी बेस्ड फिल्म है, जिसमें किसानों द्वारा बैंकों से लिए कर्जे को न चुका पाने बारे दर्शाया गया है। ‘कर्जा’ फिल्म की रिलीज को लेकर जहां समूचे जोगिंद्रनगर क्षेत्र जनता में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं दमनदीप के पिता धर्मवीर सिंह व माता सावित्री कौर भी बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह के अंत तक उनके द्वारा अभिनित दो पंजाबी गानों में वे बतौर मुख्य अभिनेता पर्दे पर नजर आएंगे। गौरतलब है कि इससे पहले दमनदीप सिंह पंजाबी फिल्म जंजाल सहित दर्जनों पंजाबी, हिंदी एवं पहाडी गानों में मॉडल के रूप में अभिनय कर चुके हैं। अभिनय के साथ दमनदीप निर्देशन में भी कार्य कर रहे हैं। पिछले दिनों दमनदीप ने जोगिंद्रनगर में दो दिवसीय युवा महोत्सव का निर्देशन किया। दमनदीप सिंह ने बताया कि इसी प्रोडक्शन के तहत उन्होंने हर मैदान फतेह नामक फिल्म साइन की है, जिसकी शूटिंग अमरीका व भारत दोनों देशों में की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही उन्होंने अन्य चार फिल्में और साइन की हैं। अपने भविष्य में आने वाली फिल्मों को लेकर दमनदीप खासा उत्साहित हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
