इलेक्शन-2022 के लिए अभी से लगा देंगे दम

By: Jan 1st, 2020 12:30 am

भाजपा-कांग्रेस नेताओं का नए साल के लिए सियासी संकल्प; मैदान में उतरकर जीत के लिए करेंगे जी-तोड़ मेहनत, 2019 की गलतियों से सीख आगे बढ़ने का है इरादा

शिमला – वर्ष 2019 की विदाई के साथ ही प्रदेश के नेताओं ने सियासी संकल्प ले लिया है। हालांकि अभी 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए अभी दिल्ली दूर के बराबर है, लेकिन कांग्रेस और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नए साल से अगले चुनाव पर फोकस करेंगे। वर्ष 2019 में लोकसभा और दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव हुए, जिसमें भाजपा की शानदार जीत हुई। भाजपा इन चुनावों से संतुष्ट नहीं हैं और 2022 के चुनाव के लिए अभी से ही तैयारियां शुरू करेगी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में सत्ता से बाहर हुई प्रदेश कांग्रेस भी इस मूड़ में है कि अगले चुनावों के लिए अभी से कमर कस दी जाए, तो ही कुछ बात बन जाएगी। दिव्य हिमाचल ने जब प्रदेश के दोनों राजनीतिक दलों के अध्यक्षों से नए साल के संकल्प पर दिल की बात जानने की कोशिश की, तो कुछ यूं सामने आए विचार…

सत्ती का संकल्प

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती कहते हैं कि उनके लिए नए साल का संकल्प सिर्फ तो सिर्फ संगठन की मजबूती के लिए ग्राउंड वर्क करना है। आने वाले 2022 में विधानसभा चुनावों में एक बार फिर भाजपा की सरकार बने, इसके लिए अभी से ही तैयारियां की जाएंगी। हालांकि सतपाल सिंह सत्ती के पास प्रदेशाध्यक्ष की चाबी चंद दिनों के लिए ही है, लेकिन वह संगठन में एक सिपाही की तरह काम करते रहेंगे। संगठन को शिखर पर ले जाने के लिए पंचायत स्तर से लेकर प्रदेश स्तर पर वे काम करते रहेंगे। जिस उम्मीद के साथ प्रदेश की जनता ने भाजपा के हाथ में सत्ता दी है, उसे बरकरार रखने के लिए मैदान में उतरेंगे।

लक्की रहा वर्ष 2019

2019 की विदाई के साथ-साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती कई जंग जीत गए। भले ही जीत पार्टी की हुई हो, मगर उनकी अध्यक्षता में लगातार चुनाव जीतना भी एक बड़ी उपलब्धि है। सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में 2019 का साल भाजपा के लिए लक्की साबित हुआ। लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर भारी मतों से जीत और धर्मशाला तथा पच्छाद उपचुनाव में भी मिशन रिपीट का रिकार्ड कायम कर राजनीतिक जंग जीतने में सत्ती सफल हुए।

राठौर की राह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर कहते हैं कि नए साल में उनकी टीम नए जोश और नई उमंग के साथ राजनीतिक मैदान में उतरेगी। उनका कहना है कि एकजुटता के साथ संगठन को शिखर पर पहुंचाएंगे। प्रदेश कांग्रेस का टारगेट 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर रहेगा। सबको साथ लेकर चलेंगे और संगठन की मजबूती के लिए वह दिन-रात मेहनत करेंगे। नए साल पर संकल्प लेते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने दावा किया कि 2022 के चुनाव में कांग्रेस बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। जयराम सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रहे राठौर की अगली परीक्षा नया संकल्प के साथ शुरू होगी।

नहीं मिल पाई जीत

कुलदीप सिंह राठौर ने जब से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान संभाली, उसके बाद अब तक कांग्रेस को लगातार दो चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। पहला चुनाव 2019 का लोकसभा चुनाव, जिसमें कांग्रेस चारों सीटों पर पराजित हुई। उसके बाद धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए, जिसमें भी कांग्रेस की हार हुई। कुल मिलाकर कुलदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में कांग्रेस को अब तक कहीं भी जीत नहीं मिल पाई। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App