देवभूमि पर नशा माफिया की नजर, खाकी ने भी कसी कमर

By: Jan 3rd, 2020 12:01 am

शिमला – देवभूमि पर नशे ने आक्रमण कर दिया है। हालांकि पुलिस नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कस रही है, लेकिन इसके बावजूद यह आंकड़ा साल दर साल बढ़ता ही जा रहा है। पिछले साल प्रदेश में आठ किलो 568 ग्राम चिट्टा पुलिस ने बरामद किया गया। इसी तरह चरस, अफीम और नशे के अन्य पदार्थों के साथ 1439 एफआईआर दर्ज हुई, जिसमें 1925 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गुरुवार को पुलिस महानिदेशक सीताराम मरड़ी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य पुलिस ने 2019 में सभी तरह के अपराधों के मामलों में 19 हजार 924 एफआईआर दर्ज की। मर्डर के 69 और सड़क दुर्घटना के 2897 केस आए, जिनमें 1109 लोगों की मौत हो गई। टै्रफिक रूल तोड़ने पर पिछले साल 10 लाख 65 हजार 549 चालान किए गए और सरकार के राजस्व में 30 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। सीताराम मरड़ी ने कहा कि 2020 हिमाचल पुलिस ट्रिप्पल-ई (एजुकेशन, इंजीनियरिंग, इन्फोर्समेंट) को प्राथमिकता के तौर पर लागू करेगी।

1109 की मौत

प्रदेश में पिछले साल सड़क हादसों के 2897 केस दर्ज हुए, जिसमें से 1109 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार हजार 842 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इसी तरह से रेप के मामले भी सैकडों में आए। पुलिस महानिदेशक सीताराम मरड़ी ने कहा कि पिछले साल रेप के 358 एफआईआर दर्ज हुई। इनमें से 95.7 प्रतिशत मामलों को सुलझाया गया। महिलाओं से छेड़छाड़ के 498 केस, गुडि़या हेल्पलाइन के तहत 3225 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 3168 का निपटारा हो गया है। चोरी के 477 केस दर्ज हुए हैं।

नशे का आंकड़ा

हिमाचल पुलिस द्वारा नशे का करोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिछले साल चौंकाने वाले आंकडे़ सामने आए हैं। पुलिस ने 327.2 किलो चरस, 17.05 किलो अफीम, 1306.7 किलो चूरापोस्त, 21.3 किलो गांजा, 8.568 किलो चिट्टा, 150 ग्राम स्मैक, 19964 नशीली गोलियां, 102716 नशीले कैप्सूल और 12 इंजेक्शन पकडे़ गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत पिछले साल 1439 एफआईआर कर 1925 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 12 विदेश नागरिक भी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App