पूर्व प्रदेशाध्यक्षों से मंत्र लेने निकले बिंदल

By: Jan 25th, 2020 12:03 am

संगठन की टोह लेने और दिग्गजों से मंत्रणा करेंगे नवनियुक्त भाजपा अध्यक्ष

हमीरपुर — शुक्रवार को पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल से मुलाकात करते प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल

हमीरपुर  – अपनी ताजपोशी के बाद भारतीय जनता पार्टी के नए कप्तान डा. राजीव बिंदल शुक्रवार को संगठन की टोह लेने और पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्षों से पार्टी को आगे बढ़ाने का मंत्र लेने के लिए शिमला से रवाना हुए। शिमला में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से वार्ता करने के उपरांत डा. बिंदल शुक्रवार शाम सत्ता के केंद्र और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गृह जिले में पहुंचे। यहां जिला परिषद अध्यक्ष, पार्टी के दोनों विधायकों समेत जिला और मंडल भाजपा के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। यहां पत्रकारों से संक्षिप्त मुलाकात में डा. बिंदल ने कहा कि वह पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे प्रो. प्रेम कुमार धूमल से मिलकर उनसे संगठन को आगे बढ़ाने को लेकर वार्ता करेंगे। उनके अनुभव का लाभ लेंगे। शनिवार को कांगड़ा में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सीएम रहे शांता कुमार से मिलने के बाद ऊना में निवर्तमान अध्यक्ष सतपाल सत्ती से मिलेंगे तथा पार्टी को कैसे आगे बढ़ाएं, इस बारे में चर्चा करेंगे। श्री बिंदल ने कहा कि वह अपने कार्य को पूरी निष्ठा से करते हुए संगठन को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभाएंगे। कार्यकारिणी के गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर बिंदल ने कहा कि अभी मुख्यमंत्री व संगठन महामंत्री समेत अन्य नेताओं की दिल्ली चुनाव के लिए ड्यूटी लगी हुई है। चुनाव के बाद ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

राजीव बिंदल ने संभाला दफ्तर

भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने शुक्रवार को अपने कार्यालय का दायित्व संभाल लिया। अध्यक्ष बनने के बाद वह दिल्ली चले गए थे, जहां से वापसी के बाद उन्होंने शुक्रवार को दीपकमल में अपना नया काम संभाला। डा. बिंदल ने कार्यालय के सभी विभागों का निरीक्षण किया व सभी कर्मचारियों से मुलाकात भी की। इस दौरान उन्होंने पार्टी की पत्रिका दीपकमल संदेश के कार्यालय का निरीक्षण भी किया और पत्रिका के संपादक गणेश दत्त से बातचीत की।

समीरपुर में धूमल संग किया डिनर

डा. बिंदल पूर्व सीएम प्रो. धूमल से मिलने के लिए समीरपुर पहुंचे। यहां काफी देर तक दोनों नेताओं ने पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर चर्चा की। डा. बिंदल के रात के भोजन की व्यवस्था भी प्रो. धूमल के घर पर की गई थी।

अच्छा लगता है संगठन में काम करना

विधानसभा जैसे उच्चपद को छोड़कर संगठन में अध्यक्ष पद चुनने के सवाल पर डा. बिंदल ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष का पद काफी गरिमामयी होता है, लेकिन मेरे स्वभाव में संगठन का काम करना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App