हमीरपुर में दो लाख की हेरोइन चरस के साथ दबोचे दो मजदूर

By: Jan 5th, 2020 12:02 am

हमीरपुर-हमीरपुर के अणुकलां में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी करते हुए दो प्रवासियों को 39 ग्राम हेरोइन और 71 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत डेढ़ लाख रुपए के करीब बताई जा रही है। मजदूरी का काम करने वाले प्रवासी मजदूरों के पास लाखों की हेरोइन और हजारों की चरस बरामद होना एक बड़ा सवाल है। आरोपियों की पहचान प्रेम मोर्या और बबलू निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक प्रेम मोर्या अुणकलां में किराए के मकान में रहता है और मजदूरी का काम करता है। बबलू को उसी के कमरे से पकड़ा गया है। ऐसा माना जा रहा है कि ये प्रवासी मजदूर नशे के इस सामान को यहां शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं को सप्लाई करते थे। हालांकि यह धंधा कब से चल रहा है, इस बात का अभी पता नहीं चल पाया है। दोनों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के बाद पता चल पाएगा कि इतना महंगा नशा यहां किस माध्यम से उन तक पहुंच रहा था और इसे कहां-कहां सप्लाई किया जा रहा था। अब सवाल यह भी उठने लगा है कि ऐसे और कितने लोग हैं, जो मेहनत मजदूरी की आड़ में नशे की तस्करी का काम करके युवाओं को खोखला करने में लगे हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App