जो हूं, मोदी की बदौलत हूं

By: Feb 28th, 2020 12:23 am

शिमला – भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का शिमला के पीटरहाफ में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पार्टी सुप्रीमो बनकर पहली बार राजधानी पहुंचे जेपी नड्डा के अभिनंदन समारोह के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, बड़े नेताओं के साथ शिमला की कार्यकारिणी मौजूद रही। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के अलावा विधायक व संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अलावा उनकी नई टीम भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस्तकबाल को शिमला पहुंची। इसके बाद गुरूवार शाम भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में भी जेपी नड्डा ने हिस्सा लिया। अपने अभिनंदन समारोह में जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य को ‘देव भूमि’ के रूप में जाना जाता है और यह सम्मान की बात है कि हिमाचल प्रदेश के सुपुत्र को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें भाजपा का नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्नेह और राज्य के लोगों के आशीर्वाद के कारण संभव हुआ है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि देश में 2000 से अधिक राजनीतिक दल हैं और उनमें से अधिकांश का नेतृत्व और संचालन एक राजनीतिक परिवार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश का एकमात्र राजनीतिक दल है, जिसमें कोई भी कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष और यहां तक कि प्रधानमंत्री भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भाजपा अन्य दलों से भिन्न राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता भाग्यशाली हैं कि वे एक ऐसी महान पार्टी से जुड़े हैं, जो विचारधारा द्वारा संचालित है। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के 17 करोड़ से अधिक सदस्य हैं और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक मजबूत और गतिशील नेता मिला हैं। राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, भाजपा को अभी भी बहुत कुछ हासिल करना है और यह केवल लोगों के समर्थन से संभव हो सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मजबूत नेतृत्व ने असंभव को संभव बना दिया है। उन्होंने कहा कि अब अनुच्छेद 370 अतीत की बात हो गई है और आज भारत एक राष्ट्र और इसका एक संविधान है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर में खंड विकास समिति (बीडीसी) के चुनाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस महान राष्ट्र के सभी कानून अब जम्मू और कश्मीर में भी लागू हैं और अब यह तीव्र गति से विकास करेगा।

ये-ये रहे मौजूद

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, सांसद सुरेश कश्यप, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा, विधायक सुख राम, बलबीर वर्मा, परमजीत पम्मी, और श्रीमती रीना कश्यप, संगठन सचिव भाजपा पवन राणा, भाजपा के उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, संजीव कटवाल, परषोत्तम और राम रतन पाल, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष अन्य लोगों के साथ उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App