तीन बड़े सियासी फैसले बजट सत्र से पहले

By: Feb 18th, 2020 12:01 am

दिल्ली का रुख करेंगे मुख्यमंत्री; मंत्रिमंडल विस्तारनई कैबिनेटप्रशासनिक फेरबदल अब जल्द

शिमलाविधानसभा के बजट सत्र से पहले मंत्रिमंडल विस्तार और प्रशासनिक फेरबदल सहित डा. राजीव बिंदल की नई कैबिनेट का ऐलान होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जल्द ही दिल्ली का रुख कर रहे हैं। इस आधार पर हिमाचल सरकार के मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार किसी भी समय संभव है। इसके तुरंत बाद प्रशासनिक सचिवों के विभागों में फेरबदल होगा। इसी बीच हिमाचल भाजपा के तीन नए महामंत्री और उपाध्यक्षों सहित पार्टी का नया कोर ग्रुप बनेगा। जाहिर है कि 25 फरवरी से आरंभ हो रहे विधानसभा के बजट सत्र के अगले दिन अध्यक्ष पद का चुनाव प्रस्तावित है। इससे पहले कैबिनेट के विस्तार की प्रबल संभावना है। मंत्रिमंडल के विस्तार पर नजरें टिकाए बैठे दावेदारों के इंतजार की इंतहा होने लगी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद ऐलान कर चुके हैं कि बजट सत्र से पहले कैबिनेट में नए चेहरे शामिल होंगे। इसके लिए नुरपुर के विधायक राकेश पठानिया, पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी, जुब्बल-कोटखाई के विधायक नरेंद्र बरागटा, ज्वालामुखी के रमेश धवाला, भटियात के विक्रम जरयाल और सरकाघाट के कर्नल इंद्र सिंह प्रबल दावेदार हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी मंत्री को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इस फेहरिस्त में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज तथा शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी के नाम उछाले जा रहे हैं। जयराम सरकार के किसी मंत्री को अगर विधानसभा की कुर्सी पर बिठाया जाता है, तो मंत्रिमंडल में तीन पद खाली हो जाएंगे। इस परिस्थिति में मुख्यमंत्री के पास विकल्पों का पिटारा और ज्यादा खुल जाएगा।

अफसरशाही को भी फेंटने की तैयारी

फिलहाल नए विधानसभा अध्यक्ष की नियुक्ति जयराम सरकार के लिए प्राथमिकता है। इसी कारण इसके चुनाव के लिए 26 फरवरी का दिन तय किया है। विधानसभा अध्यक्ष का चेहरा जयराम सरकार के नए कैबिनेट की सूरत स्पष्ट दिखा देगा। यही कारण है कि बजट सत्र से पहले सीएम अपनी कैबिनेट का विस्तार करना चाहते हैं। कांगड़ा के सांसद किशन कपूर और मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा के त्यागपत्र के कारण कैबिनेट में दो स्थान रिक्त हुए हैं। अब भाजपा की नजरें संगठन के अहम ओहदों पर भी टिकी हैं। सबसे पहले भाजपा के तीन महामंत्रियों के नामों की घोषणा होगी। इसके बाद डा. राजीव बिंदल अपनी टीम का ऐलान करेंगे। इसमें उनके उपकप्तान तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष मनोनीत होंगे। इन दो सियासी फैसलों के साथ अफसरशाही को भी फेंटने की तैयारी चल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App