पीजी में आग, तीन युवतियों की मौत

By: Feb 23rd, 2020 12:02 am

चंडीगढ़ के सेक्टर 32 में स्पार्किंग से भड़की आग; एक ने कूद कर बचाई जान, दो जख्मी

चंडीगढ़ –चंडीगढ़ के सेक्टर 32 के एक पीजी में शनिवार दोपहर आग लग गई। इसमें तीन लड़कियों की झुलसने से मौत हो गई और एक लड़की ने पीजी की छत्त से कूद कर जान बचाई।   जानकारी के अनुसार सेक्टर 32 की प्राइवेट कोठियों के इलाके में चल रहे एक पीजी में शनिवार आग लग गई। आग लगने के कारण तीन लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो लड़कियां जख्मी हो गई। जख्मी हुई लड़कियों में से एक लड़की ने पीजी की छत से कूद कर अपनी जान बचाई और  घायल हो गई। हादसे में मारी गई लड़कियों की पहचान रिया, पाकशी और मुस्कान के तौर पर हुई है। इनमें दो पंजाब और एक हरियाणा की रहने वाली थी। इस दिल दहलाने वाली घटना से पुरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीजी को अपने घेरे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर सेक्टर 32 के इस पीजी में लोगों ने अचानक धुंआ उठता हुआ देखा। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम व पुलिस पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। पीजी के कमरे के अंदर जाकर देखा तो वहां तीन लड़कियां बुरी तरह झुलसी हुई अवस्था में पड़ी थी। उनकी तब तक मौत हो चुकी थी। तीनों की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एक लड़की आग लगने के चलते पीजी की छत से नीचे कूद गई जिसे गंभीर चोटें आई हैं। घायल लड़की को सेक्टर 32 के सरकारी हस्पताल दाखिल करवाया गया है। बताया जा रहा है की कोठी में खोले गए इस पीजी में 25 के करीब लड़कियां रहती है, जो अलग-अलग स्थानों पर नौकरी और पढ़ाई करने को लेकर चंडीगढ़ में रह रही है। हालांकि सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया था लेकिन जब तक दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया तब तक तीन लड़कियां जलकर मर चुकीं थीं। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि आग लगने का कारण बिजली की स्पार्किंग बताई जा रही है पर फिर भी आग कैसे लगी इसका पता लगाया जा रहा है। पीजी में हुए इस दर्दनाक अग्निकांड ने शहर में चल रहे पीजी के सुरक्षा प्रबंधों पर सवालिया निशान लगा दिया है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App