मई में शुरू हो जाएगी मकानों की गिनती

By: Feb 20th, 2020 12:01 am

शिमलाप्रदेश में जनगणना-2021 का अभियान आरंभ हो गया है। इसके लिए प्रदेश में मकानों का सूचीकरण एवं गणना मई में आरंभ हो जाएगी। हिमाचल सरकार ने सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव को राज्य का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इन तैयारियों को लेकर बुधवार को मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची की अध्यक्षता में एक दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना डाटा दशकों के सामाजिक विश्लेषण के लिए एक मुख्य आधार है। इसके माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों व नीतियों के लिए आवश्यक सूचना प्राप्त होती हैं। इस दौरान आयोजित कार्यशाला में मंडलीय और प्रधान जनगणना अधिकारियों को मकानों के सूचीकरण और मकानों की गणना के बारे में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अनिल खाची ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मंडलीय जनगणना अधिकारियों और प्रधान जनगणना अधिकारियों को जनगणना अभियान के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने मंडलीय और प्रधान जनगणना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना का कार्य पूरे समर्पण के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करें। उन्होंने सभी जिलों में फील्ड ट्रेनर भी नियुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि शीघ्र ही जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली के संचालन के लिए तकनीकी सहायता मिल सके। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वह इस अभ्यास के बारे में पूरी जानकारी हासिल करें और इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का भरपूर लाभ उठाएं। निदेशक जनगणना संचालन डा. सुशील काप्टा ने भारत की जनगणना की पृष्ठभूमि, इसके महत्त्व और कानूनी प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी दी। उप-निदेशक जनगणना संचालन डा. राजेंद्र प्रसाद ने मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव को राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सभी जिलों के उपायुक्त और शिमला एवं धर्मशाला नगर निगमों के आयुक्तों को प्रधान जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। सचिव जीएडी देवेश कुमार, विभिन्न जिलों के उपायुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

2532 पर्यवेक्षक देंगे सेवाएं

डा. काप्टा ने कहा कि जनगणना देश में सभी प्रकार की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का आधार है। जनगणना-2021 के दौरान प्रदेश के सभी 12 जिलों में कार्य किया जाएगा। इनमें 73 उपमंडल, 172 तहसीलें एवं उपतहसीलें और 2085 गांव शामिल हैं। जनगणना में 14946 प्रगणकों और 2532 पर्यवेक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी।

1. पहले चरण में मकानों का सूचीकरण और गणना तथा राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के अद्यतनीकरण का कार्य 16 मई से 30 जून की अवधि में किया जाएगा

2.  दूसरे चरण में नौ से 28 फरवरी, 2021 तक सामान्य क्षेत्रों में गणना का कार्य किया जाएगा। पुनरीक्षण का दौर पहली से पांच मार्च, 2021 तक चलेगा

3.  बर्फ से ढके सीमा क्षेत्रों में जनगणना का कार्य 11 से 30 सितंबर तक होगा और पुनरीक्षण दौर पहली से पांच अक्तूबर तक चलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App