मातृ शक्ति के अधिकारों का हो सम्मान

By: Mar 9th, 2020 12:02 am

विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद बोले, महिला सशक्तिकरण के लिए नित नए कदम उठा रही प्रदेश सरकार

अंबाला-विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में पुरातन समय से ही महिलाओं को सम्मान दिया जाता है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान समूचे प्रदेश में बुलंदियों पर है। प्रेरक अभियान के चलते महिला सशक्तिकरण का विषय भी ऊंचे शिखर पर पंहुच गया है। राज्य में लिंगानुपात में अनुकरणीय सुधार आया है। इसके बेहतर प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। स्पीकर विधानसभा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा पुलिस डीएवी स्कूल के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित श्रोतावृंद को संबोधित कर रहे थे। खचाखच भरे हाल में भारी संख्या में मातृ शक्ति उपस्थित थी। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता व विधायक असीम गोयल सहित उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने सबसे पहले दीपशिखा प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में मनाकर महिलाओं को सम्मान देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये नित नए कदम उठाकर उन्हें आगे बढऩे के लिये प्रोत्साहित कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2015 को पानीपत से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का शुभारम्भ किया गया था। उस अभियान के बाद प्रदेश में बेटियों के प्रति जागरूकता आई है। आज प्रदेश में काफी हद तक कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगी है। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिये स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने विशेष प्रयास किये हैं। उनके द्वारा प्राइवेट क्लीनिकों, अस्पतालों व अन्य जगहों पर नकेल कसी गई हैए जिसके चलते इस कार्य में काफी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिये सरकार दृढ संकल्पित है। उन्होंने अम्बाला जिला को लिंगानुपात सुधार में प्रदेश में पहले स्थान पर आने पर जिला प्रशासन को बधाई भी दी।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्वला योजना के तहत देश में लगभग 8 करोड़ महिलाओं को निशुल्क गैस कनैक्शन देने का काम किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश में 31 से अधिक महिला थाने खोले गए हैं। वर्ष 2014 में महिला थाने प्रदेश में मात्र दो हुआ करते थे। दुर्गा शक्ति ऐप व दुर्गा शक्ति वाहिनी के माध्यम से महिलाओं व लड़कियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ा है। इस अवसर पर प्रदेश में 200 नई पिंक बसें चलाई गई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App