मुहाणा में केमिकल वाले नहीं बच्चे खुद बनाते है हर्बल रंग

By: Mar 12th, 2020 12:22 am

रंग-बिरंगे फूलों व प्राकृतिक पत्तियों का निकालते हैं अर्क, 16 साल से चल आ रही परंपरा

घुमारवीं-घुमारवीं की गाहर पंचायत के गांव मुहाणा में बच्चे रंगों का पर्व होली रासायनिक रंगों से नहीं, बल्कि हर्बल रंगों से खेलकर स्वस्थ होली खेलने का संदेश दिया। गांव के बच्चे यह अनूठी परंपरा आज से नहीं, बल्कि पिछले कई सालों से निभा रहे हैं। बच्चों में लखन रणौत, रवि चौहान, अनिल रणौत, अरुण ,पूर्णिम ठाकुर, पेरिविंकल, कार्तिक, शिवम, कृष, शानू, शिलू व ज्योति के साथ अन्य बच्चों ने रंग-बिरंगे फूलों व प्राकृतिक पत्तियों को इक्ट्ठा करके पहले उनका अर्क निकालकर रंग बनाया। फिर उनके साथ रंगों का पर्व पवित्र होली त्योहार मनाया। बच्चों ने बताया कि रसायनिक रंगों से शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों से बचने के चलते वे पिछले एक दशक से भी ज्यादा समय से हर्बल रंगों के साथ होली खेलते चले आ रहे हैं। बच्चों में पूर्णिम व परी ने बताया कि हर्बल रंगों की  प्रेरणा उन्हें मम्मी नीना से मिली है, जो कि पिछले 16 वर्षों से बच्चों का हर्बल रंग बनाने में सहयोग करती चली आ रही है। बच्चे अपने हाथों से बनाए गए इन रंगों से बिना किसी डर व संकोच से होली खेलने का आनंद लेते हैं। उन्होंने दुनियां को संदेश देते हुए बताया कि केमिकल के दुष्प्रभावों को समझना समय की जरूरत बन चुका है, नहीं तो वह दिन दूर नहीं जब दुनियां का प्रत्येक व्यक्ति बीमारियों की गिरफ्त से दूर होगा। उन्होंने कहा कि रंगों में ही रसायन नहीं है, बल्कि घर के अंदर रसोई में पड़े हुए कई ऐसे पदार्थ जिनका दिन-रात प्रयोग हो रहा है, में कितना केमिकल है, समझना अत्यंत आवश्यक बन चुका है। उन्होंने कहा कि सेहत से खिलवाड़ करने वाली चीजों पर बेकार पैसा बर्बाद करने से तो अच्छा है कि उन पैसों से किसी जरूरतमंद की मदद की जाए।

विकलांग बच्चों की मस्ती भरी होली

घुमारवीं। घुमारवीं की कोठी पंचायत की आशा विकलांग किरण संस्था कोठी में होली का उत्सव धूमधाम से मनाया। दिव्यांग बच्चों व अध्यापकों ने ऑर्गेनिक होली मनाई। हल्दी और फूलों द्वारा होली मनाई गई। संस्था की तरफ  से सभी बच्चों को मिठाई बांटी। संस्था के संस्थापक योगिंद्र मालिक ने होली में केमिकल युक्त रंगों का प्रयोग न करने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि इस संस्था में दिव्यांग बच्चे हैं, जिन्होंने होली पर्व पर खूब मस्ती की। इस मौके पर संस्था के अध्यापकों ने बच्चों के साथ खूब होली मनाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App