संकट की घड़ी में आगे आएं सामाजिक संगठन

By: Mar 31st, 2020 12:03 am

नई दिल्ली  – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि देश एक असाधारण संकट का सामना कर रहा है और देश को इन संगठनों की सेवा तथा संसाधनों की बेहद अधिक जरूरत है। जानलेवा वायरस कोरोना के  देश में निरंतर बढ़ रहे प्रकोप के मद्देनजर श्री मोदी ने आज यहां वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए प्रमुख सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ इस असाधारण स्थिति से निपटने के उपायों पर विचार विमर्श किया। प्रधानमंत्री इससे पहले भी डाक्टरों, पत्रकारों, उद्योगपतियों और अन्य वर्गों के साथ मौजूदा स्थिति में सहयोग के लिए बातचीत कर चुके हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश एक असाधारण संकट के दौर से गुजर रहा है और उसे इन संगठनों की सेवा तथा संसाधनों की बहुत अधिक जरूरत है। सामाजिक संगठनों की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनका दृष्टिकोण मानवीय होता है, पहुंच बहुत ज्यादा होती है और सेवाभाव के कारण लोगों का इन पर विश्वास होता है।  उन्होंने सुझाव दिया कि इन विशेषताओं के चलते ये संगठन गरीबों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में बहुत बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही इन की चिकित्सा सुविधा और स्वयंसेवक भी मरीजों तथा जरूरतमंदों की मदद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश को इस चुनौती से निपटने के लिए अल्पावधि उपायों और दीर्घावधि दृष्टिकोण की जरूरत है। श्री मोदी ने कहा कि मुसीबत के इस समय में समूचा राष्ट्र कोरोना वायरस की चुनौती से निपटने में अत्यंत  संयम, दृढ़ता और धैर्य का परिचय दे रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह कहा करते थे कि गरीब और निचले वर्गों के लोगों की  सेवा करना राष्ट्र सेवा का सबसे अच्छा तरीका है। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा में लगे संगठनों का समर्पण भाव और उनकी प्रतिबद्धता सराहनीय है।

अंधविश्वास दूर करने में अहम रोल

पीएम मोदी ने कहा कि इन संगठनों की अंधविश्वास और भ्रम दूर करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका है। आस्था और मान्यताओं के नाम पर लोगों को एक जगह पर एकत्र होते देखा गया है जिससे इस समय में सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम का उल्लंघन हो रहा है। संगठनों को इन लोगों को इस समय में सामाजिक दूरी बनाए रखने के महत्त्व के बारे में बताना चाहिए, जिससे कि वायरस को फैलने से रोका जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App