संयुक्त राष्ट्र के पूर्व प्रमुख क्यूलर का निधन

By: Mar 5th, 2020 4:40 pm
 

 संयुक्त राष्ट्र के पूर्व प्रमुख जेवियर पेरेज डी क्यूलर का पेरू में निधन हो गया है।श्री क्यूलर का उनके देश पेरू की राजधानी लीमा में बुधवार को निधन हुआ। वह 100 वर्ष के थे। वह संयुक्त राष्ट्र के पांचवें महासचिव थे। उन्होंने 1982 से 1991 तक दो कार्यकाल तक सेवाएं दी।श्री क्यूलर का जन्म 19 जनवरी 1920 को हुआ था। वह 1944 में अपने देश की राजनायिक सेवाओं से जुड़े थे और उन्होंने स्विजरलैंड, सोवियत संघ, पोलैंड और वेनेजुएला में अपने देश के राजदूत के तौर पर सेवाएं दी।संयुक्त राष्ट्र महासभा के पहले सत्र 1946 में वह पेरू के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे और 1971 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र में पेरू का स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। उन्होंने महासभा में 1975 तक अपने देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।उन्होंने 1973 और 1974 में सुरक्षा परिषद में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। जुलाई 1974 में तुर्की के बलों ने जब साइप्रस द्वीप पर आक्रमण किया था तब वह सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष थे। वह 18 सितंबर 1975 को साइप्रस में महासचिव के विशेष प्रतिनिधि के तौर पर नियुक्त हुए जिसके बाद 1977 में वह पेरू की विदेशी सेवा में फिर से शामिल हो गये।श्री क्यूलर ने अपने दोनों कार्यकालों के दौरान फ़ॉकलैंड युद्ध के बाद ब्रिटेन और अर्जेंटीना के बीच मध्यस्थता का नेतृत्व किया। उन्होंने मध्य अमेरिका में शांति और स्थिरता लाने के लिए कोंटाडोरा समूह के प्रयासों को भी बढ़ावा दिया।उन्होंने नामीबिया की स्वतंत्रता, मोरक्को और पोलिसारियो फ्रंट के बीच पश्चिमी सहारा में संघर्ष, स्वतंत्रता चाहने वाले क्रोएशियाई बलों तथा युगोस्लाविया और स्थानीय सर्ब बलों के बीच युद्ध तथा साइप्रस मुद्दे पर बातचीत में मध्यस्थता की।उनके कार्यकाल के दौरान ईरान-इराक का युद्ध, शीत युद्ध का समापन और पहला खाड़ी युद्ध भी हुआ।इस साल जनवरी में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने श्री क्यूलर के 100वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं भेजी थीं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App