आज-कल यूं ही सताएगा मौसम

By: Apr 8th, 2020 12:01 am

विभाग का पूर्वानुमान, पहाड़ों-मैदानों में बारिश की संभावना

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। राज्य में बारिश व शीतलहर से तापमान में एक से चार डिग्री तक गिरावट आई है। हालांकि तापमान में आई गिरावट से जनता ने प्रचड़ गर्मी से अवश्य राहत ली है। मौसम में एकाएक आई करवट ने किसानों व बागबानों को चिंता में डाल दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य में नौ अपै्रल तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौैरान एक दो स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। जबकि राज्य में 10 अप्रैल से मौसम साफ बना रहेगा। मंगलवार को राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश हुई। वहीं, कई स्थानों पर तूफान भी चला। इससे अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। ऊना व चंबा के तापमान में सबसे ज्यादा चार डिग्री तक की गिरावट आई है। सुंदरनगर, नाहन, सोलन, कांगड़ा और हमीरपुर के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। धर्मशाला को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है। बीते 24 घटों के दौरान राज्य के कई स्थानों पर बारिश हुई है। सेऊबाग में सबसे ज्यादा चार मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा  कल्पा, भावानगर, भुंतर और बंजार में बारिश हुई है। हालांकि बारिश होने के बाबजूद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है, मगर मगंलवार शाम के समय हुई बारिश व ठण्डी हवाओं के प्रवाह से न्यूनतम तापमान में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में नौ अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि राज्य में 10 से 13 अपै्रल तक मौसम साफ बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App