कांग्रेस मदद कर रही, तो भाजपा परेशान क्यों

By: Apr 3rd, 2020 12:01 am

शिमला – विपक्ष और मीडिया का काम सरकार और सिस्टम के इंतजामों की कमियां बताना है, इसे प्रदेश सरकार को सहयोग की तरह लेकर कमियों को पूरा करने पर ध्यान देकर उसे दूर करना चाहिए, न कि अनाप-शनाप बयानबाजी करके तथ्यों को छुपा कर जनता को गुमराह करने का प्रयास करना चाहिए। ये शब्द प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रजनीश किमटा ने कहे। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के हिमाचल भवन की नेशनल मीडिया में आई खबरों के खुलासे के बाद सरकार को इस पर अपनी सफाई देनी चाहिए थी कि कमी कहां रही। अगर 43 कमरों वाले हिमाचल भवन में सरकार के प्रतिनिधि राजीव कुमार के मुताबिक पांच ही लोगों को शेल्टर दिया गया है, तो यह अपने आप में एक बड़ी बद इंतजामी को उजागर कर रहा है। संकट के इस दौर में चंडीगढ़ व इसके आसपास हजारों लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं। जाहिर है कि चंडीगढ़ का हिमाचल भवन आम लोगों को राहत देने में नाकाम रहा है। कारण साफ है कि संकट में फंसे लोगों को हिमाचल भवन में आने की इजाजत ही नहीं दी गई है। वहीं भाजपा नेताओं को महामारी की दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति में सरकार और मुख्यमंत्री की चापलूसी करने के बजाय जनता को पेश आ रही मुश्किलों की चर्चा कर उनका निदान करने का सुझाव सरकार को देना चाहिए। ये शब्द प्रदेश भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, उपाध्यक्ष राजिंद्र राणा तथा अन्य कांग्रेस नेताओं के विषय में की गई बयानबाजी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App