दिल्ली में फंसे लोगों को मिला ठिकाना

By: Apr 3rd, 2020 12:01 am

कुल्लू, लाहुल के छह मजदूरों को शेल्टर होम में दिया आश्रय

शिमला – हिमाचल के दिल्ली में फंसे लोगों के लिए शेल्टर होम की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। हेल्पलाइन पर मिली सूचना के बाद दिल्ली में फंसे छह प्रवासी मजदूरों को इसमें आश्रय प्रदान किया गया है। उप आवासीय आयुक्त हिमाचल भवन नई दिल्ली विवेक महाजन ने बताया कि प्रवासी मजदूर कुल्लू और लाहुल-स्पीति से संबंध रखते हैं, जो लॉकडाउन के कारण दिल्ली में फंस गए थे। उन्होंने कहा कि मोती नगर मेट्रो स्टेशन के नजदीक कर्मपुर सराय में इन लोगों को निःशुल्क ठहरने और खाने-पीने की सुविधाएं प्रदान की गई है, जिसे हिमाचल सोशल बॉडीज़ फेडरेशन के अंतर्गत केआर वर्मा, आरके शर्मा और उनकी टीम की अगवाई में चलाया जा रहा है। मानवता के इस कार्य में जिन लोगों ने योगदान दिया है, उनमें आरएन शर्मा, कुलभूषण शर्मा, संजय राणा, अनीता जरयाल, वीना भदुरिया, मुकेश, रिया, मुदित, अनुज डोगरा, सतीश, सोमवीर ठाकुर, नरेंद्र चौहान ने सभी 38 जरूरतमंद हिमाचली परिवारों को निःशुल्क राशन वितरित किया। इसके अलावा रोहिणी, बदरपुर, महरौली, छतरपुर, पांडवनगर, तुगलकाबाद, रिठाला, खुरहा कॉलोनी की बस्तियों, पेपर मार्केट, मयूर विहार फेज तीन और महिपालपुर के क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को विभिन्न आवश्यक वस्तुएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने धर्म सिंह सकलानी और अमीन चंद जसवाल का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने गुड़गांव और नोएडा में अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से इन हिमाचली परिवारों को इस आपदा की घड़ी में सभी प्रकार की सहायता प्रदान करने में अपना योगदान दिया है। श्री महाजन ने बताया कि हिमाचली कांगड़ा निकेतन सोसायटी विकासपुरी के निवासी पिछले तीन दिनों से हिमाचली श्रमिकों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करवा रहे हैं। द्वारका निवासी पवन शर्मा, राजेश चौधरी और संजीव डोगरा ने भी स्थानीय प्रशासन के सहयोग से 500 लोगों के लिए निःशुल्क भोजन वितरित किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App