पंजाब में 33 और पॉजिटिव
चंडीगढ़ – पंजाब में कोरोना संक्रमण का संकट गहराता ही जा रहा है। बुधवार को राज्य में कोरोना के 33 नए मामले सामने आए, वहीं एक मरीज की मौत होने की जानकारी मिली है। जानकारी के मुताबिक राज्य में अब मरीजों का आंकड़ा 375 तक जा पहुंचा है और मृतकों की तादाद 20 हो गई है। दरअसल, नांदेड साहिब से पंजाब आने वाले श्रद्धालुओं में पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़ने से राज्य में कोरोना का खौफ और बढ़ गया है। बुधवार को लुधियाना में कोरोना के 11, जालंधर में एक, एसएएस नगर में आठ, पटियाला में दो, एसबीएस नगर में दो, होशियारपुर में तीन, फरीदकोट में तीन, संगरूर में एक व बठिंडा में दो नए पॉजिटिव मामले सामने आने के साथ पंजाब में अब तक पॉजिटिव मामलों की संख्या 375 तक पहुंच गई है। उधर, जालंधर में कोरोना से चौथी मौत हो गई है और कोरोना से संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 86 तक पहुंच गया है। इसकी पुष्टि बुधवार को उस समय हुई, जब बस्ती दानिशमंदा की रहने वाली एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। महिला का मंगलवार को देहांत हो गया था और स्वास्थ्य विभाग ने अंतिम संस्कार किया था। इस दौरान पूरी सावधानी बरती गई। लुधियाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल सर्जन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हुजूर साहिब से आए श्रद्धालुओं में चार तथा कोटा से लौटे छात्रों में से चार के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

