प्रवासी मजदूरों-छात्रों को घर जाने की छूट

By: Apr 30th, 2020 12:15 am

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला : पर्यटकों, मरीजों समेत लॉकडाउन में फंसे सभी लोगों को ला और ले जा सकेंगे राज्य

नई दिल्ली – केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश की अलग-अलग जगहों पर फंसे प्रवासी मजदूरों, पर्यटकों, विद्यार्थियों आदि की आवाजाही की अनुमति दे दी है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी राज्य और केंद्रशासित प्रदेश अपने यहां फंसे लोगों को उनके गृह राज्यों में भेजने और दूसरी जगहों से अपने-अपने नागरिकों को लाने के लिए स्टैंडर्ड प्रॉटोकॉल तैयार करें। यानी, अब हर प्रदेश, दूसरे प्रदेशों में फंसे अपने नागरिकों को वापस ला पाएगा और अपने यहां फंसे दूसरे प्रदेशों के नागरिकों को वहां भेज पाएगा। बहरहाल, गृह मंत्रालय ने राज्यों को फंसे लोगों को लाने और ले जाने की व्यवस्था के लिए कुछ गाइडलाइंस भी जारी की हैं। गौरतलब है कि कोरोना संकट के कारण 25 मार्च से देशव्यापी लॉकडाउन घोषित कर दिया गया। ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्सों में मजदूर, विद्यार्थी, पर्यटक, मरीज और उनके परिजन आदि फंस गए। कामकाज ठप हो जाने के कारण आमदनी रुक गई और मजदूरों को रहने-खाने की चिंता सताने लगी। तभी दिल्ली और आसपास के इलाकों से हजारों मजदूरों ने पैदल ही सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने-अपने घरों को पलायन कर दिया। फिर लॉकडाउन की मियाद बढ़ाकर तीन मई करने की घोषणा हुई तो हजारों मजदूर मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास जुट गए। फिर कोटा से छात्रों को लाने को लेकर यूपी और बिहार में खूब राजनीति हुई। ऐसे में बाहरी राज्यों में फंसे लोगों को निकालने पर बहस गहरी होने लगी थी। अब केंद्र सरकार ने इस बहस पर विराम लगा दिया है।

बाहरी राज्यों में फंसे लोगों के बारे में गाइडलाइंस

1. राज्य और केंद्रशासित प्रदेश इस काम के लिए नोडल अथॉरिटीज नामित करेंगे और फिर ये अथॉरिटीज अपने-अपने यहां फंसे लोगों की रजिस्ट्रेशन करेंगी

2. जिन राज्यों के बीच लोगों की आवाजाही होनी है, वहां की अथॉरिटीज एक-दूसरे से संपर्क कर सड़क के जरिए लोगों की आवाजाही सुनिश्चित करेंगी।

3. जो लोग जाना चाहेंगे, उनकी स्क्रीनिंग की जाएगी। अगर उनमें कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं दिखेंगे, तो उन्हें जाने की अनुमति होगी

4. लोगों की आवाजाही को बसों का उपयोग किया जा सकेगा। बसों को सेनेटाइज करने के बाद उनमें सोशल डिस्टैंसिंग के मुताबिक लोग बिठाए जाएंगे

5. कोई भी राज्य इन बसों को अपनी सीमा में प्रवेश करने से नहीं रोकेगा और उन्हें गुजरने की अनुमति देगा, डेस्टिनेशन पर पहुंचने पर फिर होगी जांच

6.बाहर से आए लोगों को घूमने-फिरने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें होम क्वारंटाइन में ही रहना होगा। उन्हें आरोग्य सेतु का इस्तेमाल करना होगा

देश में 32891 मरीज  1074 की गई जान

नई दिल्ली – भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बुधवारको 1531 नए केस सामने आने के बाद 32891 तक पहुंच गई है। संक्रमण से अब तक देश में 1074 मौतें हो चुकी हैं। राहत की बात यह है कि 8389 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। बुधवार को भीसबसे ज्यादा 597 केस महाराष्ट्र में सामने आए, जहां कुल मरीज 9915 हो गए हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद गुजरात में 308 नए मरीज सामने आने के बाद कुल आंकड़ा 4082 मरीजों तक पहुंच गया है। ये आंकड़े कोविड 19 इंडिया डॉट ओआरजी वेबसाइट के अनुसार हैं।  सरकारी आंकड़ों की बात करें तो 1813 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या 31787 पहुंच गई तथा 71 की मौत होने से मृतकों की तादाद 1008 हो गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App