बादलों ने डराए किसान-बागबान

By: Apr 18th, 2020 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश के मौैसम ने फिर से करवट ले ली है। आसमान में काले बादलों के घिरने और  राज्य के कई स्थानों पर हुई हल्की बारिश से तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से जनता ने प्रचंड गर्मी से भले ही राहत ली है, मगर आसमान में घिरे काले बादलों ने किसानों व बागबानों को चिंता में डाल दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 22 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। शिमला, कुल्लू, सोलन, चंबा, मड़ी, सिरमौर और डलहौजी में 19 अप्रैल तक भारी बारिश व ओलावृष्टि होगी। इसके लिए विभाग ने अलर्ट जारी किया है।  मैदानी इलाकों में भी 20 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में 21 व 22 अप्रैल को मौसम साफ बना रहेगा। राज्य में शुक्रवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। ठंडी हवाओं के प्रवाह के साथ राज्य के कई स्थानों पर बारिश होने से अधिकतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट रिकार्ड की गई है। अधिकतम तापमान में एक से 13 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है। भुंतर के तापमान में सबसे ज्यादा 13 डिग्री की गिरावट आई है। चंबा के अधिकतम तापमान में 10 डिग्री की गिरावट आंकी गई है। इसके अलावा सुंदरनगर व ऊना में आठ, डलहौजी, हमीरपुर, बिलासपुर व धर्मशाला में सात, कांगड़ा व केलांग में छह डिग्री तक तापमान लुढ़का है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकार्ड की गई है। तापमान में गिरावट आने से जनता ने पड़ रही प्रचड गर्मी से काफी राहत ली है, मगर मौसम में करवट किसानों व बागवानों में फसल के नष्ट होने का खतरा सता रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन  सिंह ने बताया कि प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 22 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा। मध्यम व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 19 अपै्रल तक भारी बारिश व ओलावृष्टि होगी। मैदानी इलाकों में 20 के  बाद मौसम साफ बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App