भारत में कोविड से 1 मौत तो दुनिया के 20 सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में 200 : स्वास्थ्य मंत्रालय
नई दिल्ली – भारत कोरोना मरीजों की कुल संख्या और इस महामारी से मौतों की संख्या के मामलें में दुनिया के उन 20 देशों से काफी बेहतर स्थिति में है जहां की कुल आबादी भारत के करीब-करीब बराबर है और जो कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज कोरोना पर अपनी प्रेस ब्रीफिंग के दौरान यह बात बताई। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अगरवाल ने बताया कि अगर उन 20 देशों में भारत के मुकाबले मरीजों की संख्या 84 गुना जबकि मरने वालों की संख्या 200 गुना है।
20 देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत सुखद
अगरवाल ने कहा, ‘दुनिया के 20 देश जहां विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के रिकॉर्ड के लिहाज से सबसे ज्यादा केस आए हैं, उन सबकी कुल जनसंख्या के करीब-करीब बराबर अकेले हमारे देश की जनसंख्या है। सोमवार को डब्ल्यूएचओ का डेटा लें तो भारत के मुकाबले उन देशों में 84 गुना ज्यादा केस रिपोर्ट हुए हैं। इसी तरह, भारत में अगर एक कोरोना मरीज की मृत्यु हुई तो उन 20 देशों में 200 मरीज मरे हैं।’
प्लाज्मा थिरेपी की अनुमति नहीं: स्वास्थ्य मंत्रालय
उन्होंने प्लाज्मा थिरेपी के बारे में कहा कि अब तक इसे बहुत भरोसेमंद नहीं माना जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘प्लाज्मा थिरेपी कोई प्रूवन थिरेपी नहीं है। यह अब भी प्रायोगिक चरण में है। अभी भारतीय आर्युविज्ञान अनुसंधान संस्थान (ICMR) पहचान और इस थिरेपी के बारे में और ज्यादा जानकारी जुटाने के लिए प्रयोग कर रहा है। जब तक अनुमति नहीं मिल जाए, किसी को भी इसका उपयोग नहीं करना चाहिए। यह मरीजों के लिए नुकसानदायक है और अवैध भी।’
23.3% तक पहुंचा रिकवरी रेट
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब कोविड-19 मरीजों की संख्या बढ़कर 29,435 हो चुकी है, लेकिन अच्छी खबर यह है कि यहां रिकवरी रेट बढ़कर 23.3% तक पहुंच गया है। अगरवाल ने बताया, ‘एक दिन में देश में 1,543 नए केस आए हैं। इसे मिलाकर कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 29,435 हो चुकी है। इनमें 21,632 कोविड-19 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 6,868 लोग ठीक हो चुके हैं। इनमें पिछले 24 घंटों में ठीक हुए 684 मरीज भी शामिल हैं।’ अगवाल ने कहा, ‘आकड़ों के हिसाब से अभी देश में कोविड रिकवरी रेट करीब 23.3% हो गया है जो बेहद उत्साहजनक है।’ उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 के मामले दोगुने होने की दर अब 10.2 दिन हो गया है।
लिस्ट में जुड़े दो नए जिले, एक जिला हटा
उन्होंने बताया कि 17 जिलों में 28 दिनों से कोई नया केस रिपोर्ट नहीं हुआ है। इस लिस्ट में दो जिले बढ़े हैं जबकि एक जिले का नाम हटा है। जुटने वाले जिलों में प. बंगाल का कलिमपोंग और केरल का वायनाड शामिल है जबकि बिहार के लखीसराय में एक केस आ गया और उसे इस लिस्ट से हटाना पड़ा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

