सड़क परियोजनाओं को 563 करोड़ दे केंद्र

By: Apr 29th, 2020 12:06 am

वीडियो कान्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से की डिमांड

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्र से सड़क परियोजनाओं के निर्माण के लिए 563 करोड़ की मांग की है। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए सीएम ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से राज्य के लिए केंद्रीय सड़क विनिर्माण निधि के तहत 27 परियोजनाओं के लिए 563 करोड़ रुपए समयबद्ध तरीके से स्वीकृत करने का आग्रह किया है। इन परियोजनाओं में 17 सड़कें और 10 पुल शामिल हैं।  केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और लोक निर्माण एवं परिवहन मंत्रियों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी और लॉकडाउन के उपरांत भारत सरकार द्वारा सामाजिक दूरी और अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करने हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर 11 परियोजनाओं पर कार्य आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा प्रदेश में सात परियोजनाओं पर भी कार्य आरंभ किया गया है। इस कार्य के लिए लगभग 200 मजदूरों को लगाया गया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कार्यालय को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है, ताकि राज्य में एनएचएआई द्वारा चलाई जा रही विभिन्न परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मनाली टोल बैरियर के युक्तिकरण का भी आग्रह किया, क्योंकि इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सचिव अनिल खाची, प्रधान सचिव लोक निर्माण विभाग जेसी शर्मा, इंजीनियर इन चीफ लोक निर्माण विभाग भवन शर्मा, राष्ट्रीय राजमार्ग की चीफ इंजिनियर अर्चना ठाकुर, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन भी बैठक में उपस्थित रहे।

गडकरी का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि प्रदेश की विभिन्न मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने राजमार्ग में मालवाहक वाहनों के सुचारू संचालन पर भी बल दिया, क्योंकि सड़क परिवहन मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को पांच ट्रिलियिन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के सपने को साकार करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App