सरकार ने उद्योगों को दी राहत

By: Apr 30th, 2020 12:06 am

मुख्यमंत्री बोले, बिजली बिल अदायगी की समयसीमा बढ़ाई

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने देश में कोविड-19 के दृष्टिगत राज्य के कुछ उद्योगों, व्यवसायिक इकाइयों जैसे पर्यटन, कृषि और अन्य विद्युत उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की छूट दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कच्चे माल और तैयार उत्पादों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ उद्योगपतियों को उनकी इकाइयों के सुचारू संचालन के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने बुधवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला सिरमौर के कालाअंब क्षेत्र के स्टील उद्योगपतियों के साथ बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक व्यवसायिक और कृषि उपभोक्ताओं को बिजली खपत शुल्क के भुगतान में छूट दी गई है। अप्रैल, 2020 की खपत के लिए मई, 2020 में बिल दिया जाएगा, जबकि मई महीने का बिल 30 जून तक लंबित कर दिया गया है। इस शुल्क को जुलाई, अगस्त और सितंबर, 2020 में तीन बराबर किस्तों में लिया जाएगा। सीएम ने कहा कि अप्रैल, 2020 की खपत के लिए 31 मई, 2020 में जारी किए जाने वाले बिलों को औद्योगिक, वाणिज्यिक और कृषि उपभोक्ताओं के लिए 31 मई, 2020 या इससे पहले जमा करने पर एक प्रतिशत की छूट दी जाएगी।  इसकी अधिकतम सीमा 10 हजार रुपए तक होगी। मई, 2020 की खपत के लिए जून, 2020 में बिल दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से उनके कारखाने में सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App