सिरसा की महिला कोरोना संक्रमित

By: Apr 1st, 2020 12:04 am

परिवार के 15 लोग अस्पताल में भर्ती, हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या पहुंची 24

सिरसा-हरियाणा के सिरसा में एक संभ्रांत परिवार की महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। महिला और उसके पति को पीजीआई रोहतक उपचार के लिए भेज दिया गया है। जिला प्रशासन ने संक्रमित महिला के परिवार के 15 करीबी लोगों को जिले के नागरिक अस्पताल में भर्ती कर लिया है। इसी तरह हिसार में भी एक महिला कोरोना वायरस संक्रमित मिली है। इसके बाद हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या 24 हो गई है, इनमें से सात मरीज उपचारित होकर अपने घरों को चले गए हैं। सिरसा के पुलिस उपाधीक्षक राजेश ने बताया कि कोरोना से संक्रमित महिला के मिलने के बाद उसके आवास के इर्द-गिर्द के क्षेत्र को सील कर दिया गया है। चिकित्सकों की विभिन्न टीमें क्षेत्र के घर-घर जाकर हर व्यक्ति की मेडिकल जांच कर रही है। क्षेत्र को जाने वाली सभी रास्ते बंद कर पुलिस तैनात कर दी गई है। क्षेत्र के लोगों को बाहर निकलने और  किसी अन्य व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। हरियाणा पुलिस के जवानों ने इस इलाके को चारों ओर से घेर लिया है। सिरसा नागरिक अस्पताल के उप सिविल सर्जन डॉक्टर बृजभूषण ने बताया उपरोक्त महिला तीन रोज पहले नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आई थी। इस महिला के छाती में इंफेक्शन होने के कारण इसके सैंपल लेकर पीजीआई रोहतक भेजे गए थे, जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इससे पहले उपरोक्त महिला ने सिरसा शहर के तीन अलग-अलग निजी अस्पतालों से उपचार कराया जिनमें से एक अस्पताल को सील कर दिया गया है। जैसे ही बीती देर रात उन्हें रिपोर्ट मिली तुरंत महिला और उसके पति को पुलिस की मदद से पीजीआई रोहतक उपचार के लिए भेज दिया। इसके अलावा कोरोना संक्रमित इस महिला के परिवार के 15 अन्य सदस्यों को सिरसा के नागरिक अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया संक्रमित महिला के पति की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जिससे परिवार के अन्य सदस्यों के बचाव के उम्मीद बंधी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App