हिमाचल में दो और कोरोना मरीज नेगेटिव, कांगड़ा और चंबा के दोनों युवकों की पहली रिपोर्ट से मिली राहत

By: Apr 29th, 2020 7:51 pm

शिमला – हिमाचल के दो और कोरोना मरीज नेगेटिव हो गए हैं। जालंधर की निजी कंपनी में काम करने वाले चंबा और कांगड़ा के दोनों युवकों की बुधवार को पहली रिपोर्ट नगेटिव आई है। गुरूवार को अगर उनका दूसरा टेस्ट भी नेगेटिव रहता है, तो उन्हें पूरी तरह से स्वस्थ घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद हिमाचल में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या आठ रह जाएगी। प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल 40 मामले आए हैं। खास है कि कुल 5775 सैंपल की जांच में 40 को छोड़कर सभी की रिपोर्ट नगेटिव आई है। प्रदेश भर में बुधवार को 389 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। प्रदेश में इस समय तक 5775 लोगों की जांच की जा चुकी है। इसमें से 5573 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई है। इसके अतिरिक्त 40 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। प्रदेश में अब तक 11 हजार 144 लोगों को सुरक्षा के दृष्टिगत निगरानी में रखा गया था। इनमें 5952 लोग 28 दिनों की निर्धारित निगरानी अवधि को पूर्ण कर स्वस्थ हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि कोविड-19 वैश्विक महामारी के इस दौर में घर से दूर रह रहा प्रत्येक नागरिक अपने घर जल्द पहुंचना चाहता है। इसी चाह में प्रदेश से बाहर रहने वाले लोग हिमाचली, प्रदेश सीमाओं पर देवभूमि में प्रवेश करने के लिए आतुर हैं। प्रदेश सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा और हितों के लिये सदैव प्रयासरत रहती है और उनकी चिंताओं के निराकरण के लिए उन्हें प्रदेश में प्रवेश की अनुमति दे दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के निवारक उपायों के रूप सीमाओं पर प्रवेश करने वाले हर एक व्यक्ति की जांच की जाएगी। इसके बाद उन्हें 14 दिन होम क्वारंटीन रहने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना जांच को और अधिक सुगम बनाने के लिए नेरचौक मेडिकल कोलेज में भी जांच केंद्र स्थापित कर दिया गया है, ताकि उस परिधि क्षेत्र में आने वाले लोगों को जांच की सुविधा आसानी से मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App