लॉकडाउन में कैसे हो खेल प्रशिक्षण

By: May 1st, 2020 12:05 am

भूपिंदर सिंह

राष्ट्रीय एथेलेटिक्स प्रशिक्षक

खिलाड़ी के लिए अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए गेहूं, दालों, दूध व उससे बने पदार्थ तथा सूखे मेवों को ठीक से समय-समय पर खाना चाहिए। इस सीजन में पेड़ पर ठीक ढंग से पके फलों की कमी आम बात है। समय से पहले पेड़ से तोड़े गए फलों में से बहुत पोषक तत्त्व नष्ट हो गए होते हैं। ये लाभ की जगह खाने वालों को हानि अधिक करते हैं। फलों की कमी को किसी हद तक पूरा करने के लिए मेवों को दस घंटों तक भिगो कर खाना चाहिए। आशा है कि कोरोना वायरस की आपदा जल्द खत्म होगी और हम सामान्य जीवन जी सकेंगे…

आज पूरा विश्व कोरोना महामारी से त्रस्त है। विश्व के विकसित देशों ने भी इस आपदा के आगे घुटने टेक दिए हैं। हमारा देश भी मार्च के बाद लॉकडाउन में बहुत कठिनाई से जीवन यापन को आगे बढ़ा रहा है। पिछले छह सप्ताह से हर उद्योग, परिवहन साधन, शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थान तथा अन्य उपक्रम भी बंद पड़े हैं। सामाजिक दूरी के सिद्धांत से भारत इस महामारी से लड़ रहा है। ऐसे में शिक्षण व प्रशिक्षण संस्थानों का उस समय तक खुलना बहुत कठिन है जब तक इस महामारी की कोई कारगर दवाई नहीं मिल जाती है। पूरे देश की तरह हिमाचल प्रदेश में भी मोबाइल पर इंटरनेट के माध्यम से कुछ-कुछ शिक्षण तो शुरू हो गया है, मगर विद्यार्थियों की फिटनेस व अन्य गतिविधियों के लिए संस्थान के पास कोई भी कार्यक्रम नहीं है। इस महामारी के कारण विभिन्न खेलों के प्रशिक्षण कार्यक्रम बहुत बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए तैयारी करने के लिए आठ से दस वर्षों का समय चाहिए होता है। खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार कई वर्षों तक चलने वाली प्रक्रिया है।

इस आपदा के जल्द खत्म होने के आसार नजर नहीं आते हैं। ऐसे में खेल प्रशिक्षण सामाजिक दूरी के सिद्धांत की पालना करते हुए कैसे जारी रहे, इस पर सोचना बहुत जरूरी हो जाता है। खेल प्रशिक्षण के मुख्य तीन घटक स्पीड, स्ट्रेंथ व इंडोरेंस हैं। इन तीनों घटकों के साथ-साथ लचक व फुर्ती के लिए भी शारीरिक क्रियाओं को करना पड़ता है, तभी अच्छे खेल परिणाम आ पाते हैं। विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग प्ले फील्ड चाहिए होती हैं। मगर खेल प्रशिक्षण के शुरुआती दौर में खिलाडि़यों को जनरल फिटनेस की जरूरत होती है। उसके लिए खेल प्रशिक्षण के मुख्य घटकों पर कार्य करना होता है। स्पीड व इंडोरेंस के प्रशिक्षण के लिए अच्छे मैदानों की जरूरत पड़ती है। स्ट्रेंथ, लचक व फुर्ती की क्रियाओं के लिए जिम व किसी वेट ट्रेनिंग हाल की जरूरत होती है। पिछले छह सप्ताह से खिलाडि़यों का शारीरिक प्रशिक्षण घर के कमरे से आंगन तक ही सीमित होकर रह गया है। एक वर्ष के प्रशिक्षण को हम ट्रांजिसन, प्रेपरेशन, प्री कंपीटीशन व कंपीटीशन सीजन में बांट कर तैयारी करते हैं। ट्रांजिसन सीजन में पूरे वर्ष की गई ट्रेनिंग की थकावट को दूर करने के लिए मुख्य खेल से दूर रह कर विभिन्न प्रकार की आसान शारीरिक क्रियाओं को मनोरंजन के लिए करते हैं। इस सीजन की अवधि चार सप्ताह तक होती है। अगर अब तक बीते समय को ट्रांजिसन सीजन मान लिया जाता है तो अब प्रैपरेटरी सीजन में जाने के लिए सवेरे-शाम खेल मैदानों की जरूरत होगी। सरकार को चाहिए कि सामाजिक दूरी को मद्देनजर रखते हुए एक-एक घंटे के लिए सीमित संख्या में खिलाडि़यों को मैदान व स्टेडियम का पास जारी किया जाए ताकि वे अपना प्रशिक्षण सुचारू रूप से जारी रख सकें। खिलाडि़यों को भी चाहिए कि वे इस समय इंडोरैंस विकसित करने के लिए शहर में रहने वाले शहर की सड़कों व देहात में रहने वाले ग्रामीण इलाकों की सड़कों व वन क्षेत्र के रास्तों का उपयोग करें। इससे सामाजिक दूरी के सिद्धांत का पालन भी हो जाएगा और खिलाडि़यों की ट्रेनिंग का भी प्रबंध हो जाएगा। इस समय की नजाकत को देखते हुए खिलाडि़यों को अपने स्वास्थ्य के लिए आहार का भी विशेष ध्यान रखना होगा। कोरोना के कारण मांस खाने से भी खिलाड़ी परहेज कर रहे हैं। खिलाड़ी के लिए अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए गेहूं, दालों, दूध व उससे बने पदार्थ तथा सूखे मेवों को ठीक से समय-समय पर खाना चाहिए। इस सीजन में पेड़ पर ठीक ढंग से पके फलों की कमी आम बात है। समय से पहले पेड़ से तोड़े गए फलों में से बहुत पोषक तत्त्व नष्ट हो गए होते हैं। ये लाभ की जगह खाने वालों को हानि अधिक करते हैं। फलों की कमी को किसी हद तक पूरा करने के लिए मेवों को दस घंटों तक भिगो कर खाना चाहिए। हिमाचल प्रदेश में अधिकांश लोग गांव में रहते हैं। कुश्ती, जूडो व मुक्केबाजी आदि सीधे दो खिलाडि़यों के बीच संबंध वाले खेल हैं। जहां कोई नया व्यक्ति बाहर से नहीं आया है, वहां पर  हम सीधे संबंध वाले खेलों में भी खिलाडि़यों के बीच प्रशिक्षण की अनुमति दे देनी चाहिए। प्रदेश के आम नागरिकों व विद्यार्थियों को भी इस समय अपने घर-आंगन में ही अपनी सामान्य फिटनेस के लिए शारीरिक क्रियाओं को जरूर करना चाहिए, मगर उन्हें इस समय अपनी सामान्य फिटनेस के लिए खेल मैदानों में भीड़ बढ़ाने नहीं जाना चाहिए। वहां पर राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खिलाडि़यों के लिए मौका देने को रखना चाहिए। तभी हम अपने भविष्य के विजेता खिलाडि़यों को उनकी लगातार प्रशिक्षण तैयारी में अपना योगदान दे सकते हैं। आशा करते हैं कि यह आपदा जल्द खत्म हो और हम सब सामान्य जीवन एक बार फिर से जी सकें।

ई-मेलः Bhupindersinghhmr@gmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App