बिहार के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में पुलिस मुठभेड़ में चार नक्सली ढ़ेर, हथियार बरामद

By: Jul 10th, 2020 1:09 pm

बगहा – बिहार में पश्चिम चंपारण जिले में लौकरिया थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा से सटे वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में शुक्रवार तड़के पुलिस और नक्सलियों के बीच हुयी मुठभेड़ में चार उग्रवादी ढेर हो गये। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सूचना मिली थी कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में नक्सली छुपे हुये हैं। इसी आधार पर बगहा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) धर्मेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 21वीं बटालियन के जवानों की संयुक्त टीम तीन दिनों से सर्च ऑपरेशन चला रही थी। सूत्रों ने बताया कि इस अभियान के दौरान शुक्रवार तड़के लौकरिया थाना क्षेत्र के चरपनिया के निकट घने जंगलों में छुपे नक्सलियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने गोलियां चलायी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलायी जिसमें चार नक्सली ढेर हो गये। मौके से पुलिस ने तीन एसएलआर समेत चार हथियार बरामद किये हैं। कुछ नक्सली घने जंगल में फरार हो गये, जिनकी गिरफ्तारी के लिये सर्च अभियान अभी जारी है। सूत्रों ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो पायी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर रवाना हो गये हैं। नेपाल सीमा से सटे पूरे जंगल में व्यापक पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नक्सलियों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App