सेनेटाइजेशन के लिए लोगों की उम्मीद बने डोगरा

By: Aug 13th, 2020 12:01 am

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कुढाणा कंटेनमेंट जोन किया सेनेटाइज

स्टाफ रिपोर्टर- सुजानपुर-कोराना संक्रमण जिला हमीरपुर में भले ही अपने पांव पसारता जा रहा है, लेकिन उसका मुंह तोड़ जवाब देने के लिए हिमाचल के बेटे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष रविंद्र सिंह डोगरा ने भी कमर कस रखी है। पिछले पांच माह से डोगरा विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सेनेटाइजेशन अभियान चलाए हुए हैं। हालत यह है कि लोग अब उन्हें खुद सेनेटाइजेशन के लिए आग्रह कर रहे हैं।

यह कहना गलत नहीं होगा कि रविंद्र सिंह डोगरा सेनेटाइजेशन के लिए लोगों की इकलौती उम्मीद बनकर उभरे हैं। अपनी हिम्मत और मेहनत के बूते रविंद्र सिंह डोगरा ने अपना सेनेटाइजेशन अभियान लगातार चलाते हुए जन्माष्टमी की छुट्टी वाले दिन जंगलबैरी के कुढाणा कंटेनमेंट जोन के साथ-साथ जंगलबैरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व क्वारंटाइन सेंटर को सेनेटाइज किया। रविंद्र सिंह डोगरा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि दो दिन पहले फेसबुक के माध्यम से कुढाणा गांव के दो युवकों अनूप कुमार व टिंका ने उनसे संपर्क किया था और फोन नंबर लेकर मंगलवार रात को कुढाणा कंटेनमेंट जोन में सेनेटाइजेशन का आग्रह किया। युवकों ने बताया कि इस कंटेनमेंट जोन के 17 घरों के 25 परिवारों की सुरक्षा के लिए सेनेटाइजेशन की आवश्यकता है।

इसी के चलते बुधवार सुबह सात बजे  डोगरा ने कुढाणा कंटेनमेंट जोन पहुंच कर सेनेटाइजेशन का काम किया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल, मेडिकल स्टोर को भी सेनेटाइज किया। श्री डोगरा ने सेनेटाइजेशन के अलावा गांव में सभी को हैंड सेनेटाइजर व मास्क भेंट किए और वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को भी हैंड सेनेटाइजर व एन-95 मास्क सुरक्षा की दृष्टि से भेंट किए। अनूप व टिंका के साथ-साथ गांव वासियों ने सेनेटाइजेशन के लिए रविंद्र सिंह डोगरा का आभार जताया। ज्ञात रहे कि दो दिन पहले ही जंगलबैरी के कुढाणा गांव में एक फौजी भाई के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया था और कुढाणा को जिला प्रशासन द्वारा तत्काल कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। श्री डोगरा के सेनेटाइजेशन अभियान में उनके साथ प्रदेश महासचिव लवकेश कुमार व उनके निजी सचिव अजय कुमार शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App