महज तीन महीने में बिके पांच करोड़ स्मार्टफोन  सैमसंग को पछाड़ श्याओमी फिर नंबर वन

By: Oct 24th, 2020 12:06 am

कोरोना वायरस महामारी ने कारोबार के हर क्षेत्र को मुश्किलों में डाल दिया है। भारतीय स्मार्टफोन बाजार कोरोना पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। सितंबर तिमाही (जुलाई-सितंबर) में स्मार्टफोन की बिक्री आठ फीसदी बढ़ी है। महज तीन माह की अवधि में करीब पांच करोड़ स्मार्टफोन बिके हैं। एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। बाजार शोध कंपनी कनालिस की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में किसी एक तिमाही में इतने स्मार्टफोन बिकने का यह अब तक सर्वोच्च स्तर है। हालांकि, बाजार में दबदबा रखने वाली और कुछ समय के लिए शीर्ष पर रही दक्षिण कोरिया की कंपनी सैमसंग को झटका लगा है। सैमसंग इस तिमाही पहले स्थान से खिसकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि चीन की शाओमी ने फिर से पहला स्थान हथिया लिया है।

शीर्ष पांच कंपनियों में चीन का दबदबा है और पांच में चार कंपनियां चीन की हैं। तीसरे स्थान पर चीन की कंपनी वीवो है। वहीं रियल मी चौथे स्थान पर जबकि ओप्पो पांचवे स्थान पर है। उल्लेखनीय है कि भारत-चीन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ने पर कुछ समय के लिए सैमसंग पहले स्थान पर पहुंच गई थी। उस अवधि में चीनी मोबाइल कंपनियों की बिक्री में गिरावट आई थी। इस साल त्योहारी सेल के दौरान ई-वाणिज्य कंपनी फ्लिपकार्ट और ऐमजॅन के देशभर में 1.5 करोड़ स्मार्टफोन की बिक्री करने का अनुमान है। बाजार के आंकड़े जुटाने वाली कंपनी टेकआर्क ने अपनी एक रिपोर्ट में यह बात कही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App