बीडीसी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को शुरू हुआ गठजोड़

By: Jan 25th, 2021 12:20 am

विजेता पर अपने-अपने दावे कर रहीं भाजपा-कांग्रेस, सदर में अनुसूचित जाति की महिला बनेगी चेयरपर्सन

कार्यालय संवाददाता—बिलासपुर

पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अब विजेताओं को लेकर दावों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा-कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी भी जीत दर्ज करने के बाद पंचायत समिति सदस्य बने हैं। लेकिन अब भाजपा और कांग्रेस की ओर से विजेताओं को लेकर दावे शुरू हो गए हैं। वहीं, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को लेकर भी लॉबिंग शुरू हो गई है। पार्टी स्तर पर भी मंथन का दौर शुरू है।

हालांकि अभी तक विजेता जीत के जश्न में ही डूबे हुए हैं। मतदाताओं का आभार जताते ही दिखाई दे रहे हैं। लेकिन अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिए अपनी-अपनी लॉबिंग भी कर रहे हैं। पंचायती राज संस्थाओं की चुनावी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बार भी बेहतर तरीके से चुनावी प्रक्रिया पूरी हुई है। चुनाव आयोग के पास भी इस मात्र दो ही शिकायतें मिली। प्रधान, उपप्रधान, जिला परिषद के साथ पंचायत समिति सदस्य चुनकर आए हैं। वहीं, पंचायत समिति अध्यक्ष-उपाध्यक्ष को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है। अपने-अपने आकाओं का आशीर्वाद लेने के लिए विजेता जा रहे हैं।  भाजपा-कांग्रेस समर्थित विजेताओं के अलावा निर्दलीय भी अहम भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। दोनों दलों की ओर से जो दावे किए जा रहे हैं वे कशमकश वाले हैं। यदि दोनों के दावों को जोड़ा जाए तो अपेक्षा से अधिक संख्या पंचायत समिति सदस्यों की हो रही है।

जिसके चलते इनके दावे सटीक नहीं बैठ रहे हैं और उलझन पैदा कर रहे हैं। ऐसे में जब तक अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद की कुर्सी किसी को नहीं मिल जाती है तब तक इंतजार ही करना पड़ेगा। यदि झंडूता भाजपा की मानें तो पंचायत समिति सदस्यों में उनके 12 सदस्य जीते हैं। वहीं, कांग्रेस ने 14 पंचायत समिति सदस्यों पर अपना दावा जताया है। इसके अलावा नयनादेवी में भाजपा ने 12 पंचायत समिति सदस्य बताए हैं और कांगेस ने भी जीत का दावा किया है।

सदर में भाजपा ने 15 और कांग्रेस ने 16 का दावा किया है। इसके अलावा नयनादेवी जी में भाजपा ने 12 सदस्य बताए हैं। हालांकि अभी तक इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है कि किसके कितने प्रत्याशी जीते हैं लेकिन अब निर्दलीय विजेता प्रत्याशी को अपना ही बताया जा रहा है। बहरहाल, जल्द ही इस पर भी स्थिति साफ हो जाएगी। बता दें कि विकास खंड झंडूता में 23, सदर में 25, घुमारवीं में 34, नयनादेवी में 15 पंचायत समिति सदस्य जीतकर आए हैं। विकास खंड झंडूता में चेयरमैन का पद अनारक्षित है। यहां पर पहले महिला चेयरमैन रही। विकास खंड सदर में अनुसूचित जाति महिला चेयरमैन बनेगी। यहां पहले अनारक्षित चेयरमैन का पद था। वहीं, घुमारवीं विकास खंड में इस बार अनारक्षित, श्री नयनादेवी जी में महिला चेयरमैन बनेगी। उधर, इस बारे में जिला मीडिया प्रभारी सोनल शर्मा, झंडूता भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र चंदेल, झंडूता कांग्रेस अध्यक्ष सतीश चंदेल, जिला कांग्रेस महासचिव संदीप सांख्यान ने कहा है कि पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App