पंचमठा मंदिर

By: Jan 9th, 2021 12:21 am

मां लक्ष्मी के वैसे तो कई मंदिर हैं जिनकी महिमा अपरंपार है, लेकिन आज आपको बताते हैं मां लक्ष्मी के ऐसे मंदिर के बारे में, जिसके बारे में प्रसिद्ध है कि यहां मां की मूर्ति दिन में तीन बार अपना रंग बदल लेती है।

रंग बदलती प्रतिमा का मंदिर- जिस पर मां लक्ष्मी की कृपा हो जाए, उसके बारे न्यारे हो जाते हैं, लेकिन मां लक्ष्मी रूठ जाए, तो भाग्य के दरवाजे बंद हो जाते हैं। मध्य प्रदेश के जबलपुर में मां लक्ष्मी का मंदिर स्थित है, जिसे पचमठा मंदिर के नाम से जाना जाता है। यह मंदिर सही मायनों में अनोखा है। इस मंदिर में कई देवी-देवताओं की प्रतिमा स्थापित है। यहां राधा-कृष्ण का विशेष उत्सव भी होता है। यहां स्थापित मां लक्ष्मी की प्राचीन प्रतिमा के बारे में, एक विचित्र कथा प्रचलित हैं। इस मंदिर में आने वाले भक्तों और पुजारियों का कहना है कि यहां स्थित प्रतिमा दिन में तीन बार रंग बदलती है। कुछ लोग केवल इसी की अनुभव करने के लिए ही पचमठा मंदिर आते हैं। दर्शनार्थियों के अनुसार प्रातःकाल में प्रतिमा सफेद, दोपहर में पीली और शाम को नीली हो जाती है।

तंत्र साधना का केंद्र – मां लक्ष्मी का यह अद्भुत मंदिर गोंडवाना शासन में रानी दुर्गावती के विशेष सेवापति रहे दीवान अधार सिंह के नाम से बने अधारताल तालाब में करवाया गया था। इस मंदिर में अमावस की रात भक्तों का तांता लगता है। पचमठा मंदिर के नाम से प्रसिद्ध यह मंदिर एक जमाने में पूरे देश के तांत्रिकों के लिए साधना का विशेष केंद्र हुआ करता था। कहा जाता है कि मंदिर के चारों तरफ श्रीयंत्र की विशेष रचना है।

1100 साल पहले बना था- मंदिर के पुजारियों का कहना है कि इसका निर्माण करीब 11 सौ साल पूर्व कराया गया था। मंदिर के अंदरूनी भाग में लगे श्रीयंत्र की अनूठी संरचना के बारे में भी हमेशा चर्चा की जाती है। साथ ही एक और खास बात इस मंदिर से जुड़ी है जिसके अनुसार आज भी सूर्य की पहली किरण मां लक्ष्मी की प्रतिमा के चरणों पर पड़ती है।

शुक्रवार का विशेष महत्त्व- मंदिर में हर शुक्रवार को विशेष भीड़ रहती है। कहा जाता है कि सात शुक्रवार यहां पर आकर मां लक्ष्मी के दर्शन कर लिए जाएं तो हर मनोकामना पूरी हो जाती है। मंदिर के कपाट केवल रात को छोड़ कर हर समय खुले रहते हैं। सिर्फ  दीपावली को ऐसा होता है जब पट रात में भी बंद नहीं होते।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App