Bangal Chunav: पुरुलिया में मुख्यमंत्री योगी बोले, सब मंदिर-मंदिर, यह नया भारत है

By: Mar 16th, 2021 1:07 pm

कोलकाता — पश्चिम बंगाल के सियासी घमासान में मंगलवार को भाजपा के दिग्गज नेता जनता का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुरुलिया में रैली को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता दीदी जय श्री राम के नारे से चिढ़ती हैं।

2014 से पहले लोग मंदिर में जाने से डरते थे, अब ममता दीदी भी मंदिर में जाकर चंडी पाठ कर रही है। एक बार राहुल भी मंदिर में गए थे, तो वहां उनके बैठने के तरीके पर पुजारी ने टोका। वे ऐसे बैठ रहे थे, जैसे नमाज पढऩे के लिए बैठते हैं। ये नया भारत है।

योगी ने कहा कि मैं कृष्ण और राम की धरती से आया हूं, बंगाल हमेशा से ही परिवर्तन की धरती रही है। बंगाल ने देश को राष्ट्रगान भी दिया और वंदे मातरम भी दिया। बंगाल के लोगों की पीड़ा अधिक दिन तक नहीं रहेगी। तृणमूल कांग्रेस की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। दो मई के बाद टीएमसी सरकार की विदाई तय है।

ममता सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यहां की सरकार गोमाता को कटने के लिए भेज देती है। हम उत्तर प्रदेश में गाय नहीं कटने देते। यहां अवैध घुसपैठ के कारण यहां के गरीबों का राशन अवैध रूप से घुसपैठ करने वाले खा जाते हैं, लेकिन भाजपा इन सभी समस्याओं का समाधान लेकर आई है।

उन्होंने कहा कि दो मई के बाद टीएमसी के गुंडों को चुन-चुनकर सजा दिलाई जाएगी। बंगाल में अब अराजकता का वक्त खत्म हो रहा है। भाजपा की सरकार आते ही अराजकता को रफा-दफा कर दिया जाएगा। मेरी सभा में लोगों को आने से रोका जा रहा है। मुझे कहा गया कि यहां भीड़ नहीं होगी, लेकिन अब सभी बंधनों को तोड़कर लोग यहां पर आ गए हैं।

2019 में मेरा हेलीकाप्टर नहीं उतरने दिया गया था
2019 में भी यहां आया था तो उस वक्त मेरा हेलीकाप्टर नहीं उतरने दिया गया था। झारखंड में हेलीकाप्टर उतार कर 35 किलोमीटर सड़क मार्ग से आया था। मैंने तय किया था कि चुनाव प्रचार का शुभारंभ भी पुरुलिया से ही करूंगा।

बंगाल की धरती को मेरा नमन
मैं खुद भगवान राम और कृष्ण की पावन धरती से रामकृष्ण जी की पावन धरती पर आया हूं। बंगाल की धरती हमेशा भारत के अंदर परिवर्तन की धरती रही है। भारत के राष्ट्रवाद की धरती रही है। रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, रवींद्रनाथ टैगोर और सुभाष चंद्र बोस को भी इसी धरती ने दिया। जनसंघ के अध्यक्ष श्यामाप्रसाद मुखर्जी समेत दूसरे महान नेताओं को इसी धरती ने दिया। जनगण मन भी इसी धरती ने दिया। इस धरती को मेरा नमन है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App