महाराष्ट्र में धीरे-धीरे बढऩे लगा लॉकडाउन का दायरा, यहां जानिए कहां-कहां लगी पाबंदियां

By: Mar 12th, 2021 4:00 pm

मुंबई — महाराष्ट्र में कोरोना ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। पुणे में आज से 31 मार्च तक नाइट कफ्र्यू का फैसला लिया गया है। रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं, अकोला में शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा की गई है। पुणे शहर में कोरोना की रफ्तार को देखते हुए शुक्रवार को डिप्टी सीएम अजीत पवार की अध्यक्षता में बैठक हुई।

इसके बाद कलेक्टर सौरव राव ने कफ्र्यू की गाइडलाइन जारी की। प्रशासन ने पुणे के लिए वैक्सीन की रफ्तार बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से संपर्क करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर का कहना है कि अभी रोजना वैक्सीन के लगभग 22,500 डोज दिए जा रहे हैं। इन्हें रोजाना एक लाख तक बढ़ाया जा सकता है।

बताते चलें कि महाराष्ट्र के जालना जिले में दो हेल्थ वर्कर वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन लेने के कुछ दिन बाद दोनों में कोरोना के हल्के लक्षण दिखाई दिए। उनके सैंपल की जांच की गई तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एडिशनल सिविल सर्जन पद्मजा सराफ ने कहा कि दोनों डोज लेने के 42 दिन बाद शरीर में एंटीबॉडी डिवेलप होती है, इसलिए वैक्सीन लगवाने के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए।

नागपुर में एक हफ्ते का लॉकडाउन

नागपुर जिला में पिछले 24 घंटों में 2,150 नए संक्रमित मिले हैं। इस मामले में नागपुर पुणे के बाद दूसरे नंबर पर रहा। सरकार ने नागपुर में 15 से 21 मार्च तक 1 सप्ताह का हार्ड लॉकडाउन लगा दिया है। हार्ड लॉकडाउन में बहुत जरूरी गतिविधियों की ही इजाजत होती है। नागपुर में अब तक 1.64 लाख मरीज मिल चुके हैं।

जलगांव में जनता कफ्र्यू

जलगांव नगर निगम सीमा में गुरुवार रात 8 बजे से 15 मार्च की सुबह 8 बजे तक जनता कफ्र्यू लागू किया गया है। इस दौरान इमरजेंसी सर्विस, पीएससी और दूसरी परीक्षाओं वाले डिपार्टमेंट को छूट दी जाएगी। इससे पहले अमरावती में 15 दिनों का लॉकडाउन और पुणे में नाइट कफ्र्यू लग चुका है।

औरंगाबाद में वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान

महाराष्ट्र सरकार ने संभाजीनगर (औरंगाबाद) में वीकेंड पर लॉकडाउन लागू करने का ऐलान किया है। यहां कोरोना नियमों को कड़ा कर दिया गया है। सड़क पर पुलिस तैनात की गई है। बिना मास्क पहने घूमने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। पिछले दिनों राज्य के मंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया था कि 11 मार्च से चार अप्रैल तक संभाजीनगर में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे। वीकेंड पर पूरी तरह से लॉकडाउन होगा। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, मैरिज हॉल बंद रहेंगे।

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 14,317 केस मिले\

महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना के 14,317 केस सामने आए। इनमें सबसे ज्यादा पुणे में 2811, नागपुर में 2150 और मुंबई में 1509 नए संक्रमित की पुष्टि हुई। राज्य में अब तक कोरोना वायरस के 22.52 लाख केस आ चुके हैं। इससे मरने वालों की संख्या 52,610 हो चुकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App