सुधर रहे हालात, 3.5 प्रतिशत पहुंची पॉजिटिविटी दर

By: Jun 16th, 2021 12:08 am

संक्रमण की दूसरी लहर भी पड़ी कमजोर, स्वास्थ्य विभाग ने किया विश्लेषण

स्टाफ रिपोर्टर—शिमला

कोरोना की दूसरी लहर हिमाचल में शांत होती जा रही है। पॉजिटिविटी दर, जो कि जून में 22.1 फीसदी थी, वह अब 19 फीसदी गिर गई है। वर्तमान में हिमाचल का पॉजिटिविटी रेट 3.5 प्रतिशत चल रहा है, जो कि प्रदेश और सरकार के लिए राहत भरी बात है। लगातार मामलों में कमी आने से सरकार ने भी ढील देना शुरू कर दिया है। अगर इसी तरह पॉजिटिविटी रेट गिरता रहा, तो स्कूल भी खोले जा सकते हैं। हिमाचल में 14 जून तक एक लाख 98 हजार 876 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कोविड-19 की दूसरी लहर लगातार कम हो रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य में कोरोना महामारी के मामलों की संख्या, पॉजिटिविटी दर और इससे होने वाली मृत्यु का विस्तृत विश्लेषण किया गया है।

विश्लेषण के अनुसार हिमाचल में मार्च, 2020 में कोविड महामारी का पहला मामला दर्ज किया गया था और मार्च माह में ही तीन नए मामले सामने आए थे, जो नवंबर, 2020 में बढ़कर 18459 हो गए थे। यह कोरोना महामारी की पहली लहर का पीक रहा है। इसके बाद कोरोना महामारी के मामलों में निरंतर कमी दर्ज की गई और फरवरी में कोरोना महामारी के 1109 नए मामले दर्ज किए गए। फरवरी 2021 के बाद कोविड मामलों की पॉजिटिविटी दर में अचानक वृद्धि होने के कारण पॉजिटिविटी दर 0.7 प्रतिशत से बढ़कर मार्च, 2021 में 3.0 प्रतिशत हो गई। फरवरी, 2021 में कोरोना के 1109 नए मामले दर्ज किए गए थे, जबकि मार्च में 4960 मामले थे। दूसरी लहर आने के बाद अब तक मई में पॉजिटिव मामलों की संख्या 91043 तक पहुंच गई और पॉजिटिविटी दर अधिकतम 22.1 प्रतिशत दर्ज की गई।

कोविड में साल 2020

माह                  केस      पॉ.रेट   मौतें

मार्च                 3          1.3       1

अप्रैल               37        0.6       0

मई                   291      0.9       4

जून                  622      1.5       3

जुलाई               1611    2.4       4

अगस्त             3552    5.1       24

सितंबर             8860    10.8     148

अक्तूबर           7083    7.3       131

नवंबर             18459  13.6     320

दिसंबर             14759  6.1       287

2021 का यह रहा हाल

जनवरी             2259    1.4       45

फरवरी             1109    0.7       15

मार्च                 4960    3          53

अप्रैल              35682  14.3     449

मई                   91043  22.1     1643

जून                  8220    3.5       248

पांच गुना बढ़े मामले

पहली लहर के मुकाबले दूसरी लहर के दौरन कोविड महामारी के मामलों में लगभग पांच गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई। पहली लहर के दौरान एक माह में अधिकतम 320 लोगों की मृत्यु हुई थी, जो दूसरी लहर के दौरान पोच गुना अधिक थी। राज्य में मई में कोविड-19 से 1643 लोगों की मृत्यु हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App