Covid Vaccine : हिमाचल प्रदेश में 50 लाख को कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज

By: Nov 28th, 2021 12:08 am

रोहित शर्मा — शिमला

हिमाचल प्रदेश में वैक्सीन की दूसरी डोज का आंकड़ा 50 लाख से अधिक हो गया है। यानि हिमाचल प्रदेश के 50 लाख लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगा ली है।  वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने 55.11 लाख लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 30 नवंबर की डेडलाइन रखी है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग के पास दो दिनों का समय बचा है। निर्धारित समय सीमा से पहले लक्ष्य हासिल करने के लिए विभाग को अभी पांच लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाना बाकी है। तीन दिनों में इतने लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए एक दिन में दो लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाने की जरूरत है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें, तो अभी तक स्वास्थ्य विभाग की किसी भी एक दिन में लाख के टारगेट को भी नहीं छू पाया है।

हालांकि  एक दिन में 90 हजार के करीब लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है, लेकिन छुट्टियों वाले दिनों में यह आंकड़ा गिर जाता है। ऐसे में अब दो दिनों के अंदर निर्धारत लक्ष्य का हासिल करना स्वास्थ्य विभाग के लिए टेढ़ी खीर बन चुका है। वैक्सीन की पहली डोज का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने में हिमाचल देश में अग्रणी रहा था। वहीं दूसरी डोज के शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के मामले में भी अव्वल रहने की तैयारियां चल रही हैं। शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल होने के उपलक्ष्य पर स्वास्थ्य विभाग ने मंडी में एक कार्यक्रम का आयोजन रखा है।

यह कार्यक्रम चार दिसंबर को होना है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के पास लक्ष्य हासिल करने के लिए तीन अतिरिक्त दिनों का समय है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जान झोंक दी है। वहीं शिमला। हिमाचल प्रदेश में 90 फीसदी लोगों को कोरोना की दोनों डोज लग चुकी हैं तथा इसमें 50 लाख के करीब लोगों को दूसरी डोज भी दे दी जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि सोलन, लाहुल-स्पीति और किन्नौर जिलों को कोविड टीकाकरण की दोनों खुराक के लिहाज से शत-प्रतिशत कवर कर लिया गया है, जबकि 30 नवंबर तक सभी जिलों को शत- प्रतिशत कवर कर लिया जाएगा। इसके साथ ही यह राज्य कोरोना की दूसरी डोज लगाने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा। (एचडीएम)

इन जिलों में इतनी दूसरी डोज

जिला                            18 से 45 वर्ष     45 वर्ष अधिक

बिलासपुर                     1,37,026          1,52,782

चंबा                              1,63,326          1,37,754

हमीरपुर                       1,44,023          1,78,412

कांगड़ा                   4,83,493          4,92,788

किन्नौर                        32,369             26,135

कुल्लू                            1,53,261          1,22,293

ला.-स्पीति                    10,577             9,137

मंडी                              3,26,982          3,20,901

शिमला                         2,80,292          2,56,093

सिरमौर                        2,16,459          1,40,149

सोलन                          3,05,254          1,67,604

ऊना                             2,02,477          1,92,717

चार को मंडी आएंगे नड्डा और मांडविया

कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज का लक्ष्य पूरा करने पर मंडी में कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया मौजूद रहेंगे। वहीं श्री मांडविया व श्री नड्डा बिलासपुर स्थित एम्स पहुंचेंगे, जहां पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकार के बीच में एमओयू होगा।

कोविड के 75 नए मामले, तीन की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोविड का संक्रमण जारी है। हालांकि कोविड संक्रमण की दर में गिरावट आई हैं, लेकिन कोविड संक्रमण अभी थमा नहीं है। शनिवार को प्रदेश में कोविड के 75  नए मामलें आए हैं, जबकि तीन लोगों की मौत हुई है। इनमें एक मौत हमीरपुर और 2 मौतें कांगड़ा जिला में हुई है। हिमाचल में पिछले कुछ दिनों से कोविड के नए मामलों का आंकड़ा दहाई के अंकों में चल रहा है। इससे पहले जहां कोविड के नए मामलों की संख्या रोजाना 100 से अधिक रहती थी, तो पिछले कुछ दिनों से कोविड के नए मामलें 100 से कम ही आ रहे हैं। कोविड के नए मामलों में बिलासपुर में 3, चंबा में 5, हमीरपुर 11, कांगड़ा में 30, मंडी में 3, शिमला में 7, सोलन में 04 और ऊना में 12 मामले आए हैं। एक्टिव केस 809 रह गए हैं। इसके साथ अभी तक संक्रमण के 2 लाख 22 हजार 287 मरीज ठीक भी हो गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App