शहीदों के परिजनों को एक करोड़, पठानकोट में तिरंगा यात्रा के दौरान केजरीवाल का बड़ा ऐलान

By: Dec 3rd, 2021 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— पठानकोट

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहीदों के परिवारों को एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि देने की पांचवीं गारंटी पंजाब वासियों को दी है। इस गारंटी के तहत पंजाब के फौजी जवान और पुलिस जवान की किसी भी ऑपरेशन में शहादत होने पर परिवार को सम्मान के रूप में एक करोड़ रुपए की राशि देने के लिए आप की पंजाब सरकार जिम्मेदार होगी। पठानकोट में गुरुवार को ‘तिरंगा यात्रा’ के दौरान अरविंद केजरीवाल ने अपनी पांचवीं गारंटी का ऐलान किया। केजरीवाल ने कहा कि यह शहीदों और शूरवीरों की धरती है। भारतीय फौज में सबसे अधिक जवान इसी धरती से भर्ती होते हैं। देश की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए फौज के जवान और पुलिस के जवान कुर्बानियां देते हैं और इन कुर्बान होने वाले योद्धाओं का सम्मान करना आप सरकार की जिम्मेदारी होगी। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार फौजी जवानए पुलिस जवान और सरकारी मुलाजिम की ड्यूटी के दौरान मौत होने पर उनके परिवारों को एक करोड़ रुपए सम्मान राशि के रूप में दिए जाएंगे। इसलिए केजरीवाल की पंजाब वासियों को पांचवीं गारंटी है कि पंजाब के शहीद होने वाले जवानों के परिवारों को सम्मान के रूप में एक-एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

केजरीवाल की तिरंगा यात्रा में रंगा शहर

पठानकोट। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अरविंद केजरीवाल की विशाल तिरंगा यात्रा के दौरान पठानकोट शहर पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और यह काला व्यक्ति केजरीवाल अपने सभी वादे पूरे करेगा। मुख्यमंत्री चन्नी द्वारा कपड़ों और रंग के संबंध में टिप्पणी करने पर जवाब देते हुए केजरीवाल ने बताया कि जब से पंजाब की महिलाओं को 1000 रुपए प्रति महीना देने का एलान किया है, उसी समय से मुख्यमंत्री चन्नी उन्हें गालियां निकाल रहे हैं। सस्ते कपड़े पहनने वाला और काले रंग का व्यक्ति बोल रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि उनका रंग काला गांव-गांव और धूप में घूमकर हुआ है। इस मौके पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने संबोधित करते हुए पठानकोट और पंजाब वासियों को विशाल तिरंगा यात्रा के लिए बधाई दी और अपील की है कि तिरंगेे की आन-बान और शान सदा बनाए रखना। इस मौके पर पंजाब के अध्यक्ष एवं सांसद भगवंत मान, नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, पंजाब मामलों के सहप्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता राघव चड्ढा, कुंवर विजय प्रताप, विभूति शर्मा, भाओ से हलका इंचार्ज लाल चंद कटारूचक और रमन बहल शामिल रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App