कसौली में खुला आयुर्वेद सेंटर

By: Jun 14th, 2022 12:16 am

छावनी अस्पताल में अब लोगों को मिलेगी सुविधा, केरल से आए डाक्टर रोहित केएस ने संभाला कार्यभार

नितिन साहू-कसौली
छावनी अस्पताल कसौली में अब स्थानीय निवासी आयुर्वेद स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। चिकित्सा की आयुर्वेद पद्धति से इलाज को लेकर न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी लोगों की रुचि और आयुर्वेद को लेकर विश्वसनीयता बढ़ी है। कोरोना के बाद से आयुर्वेद के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। इतना ही नहीं बीमारी से बचाव के लिए आयुर्वेद को सबसे बेहतर पद्धति भी माना गया है। इसी कड़ी में छावनी अस्पताल कसौली में अब स्थानीय निवासी आयुर्वेद स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। यदि बात करें कसौली की तो यहां केरल से आए डाक्टर रोहित केएस ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। जिनकी नियुक्ति अस्थायी तौर पर एक महीने के लिए की गई है और एक महीने के बाद इनकी सेवाएं नियमित की जाएंगी। बताते चलें कि कैंट द्वारा एक आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट की भी नियुक्ति की गई है। परंतु जिस व्यक्ति के आदेश किये गए हैं उन्होंने अभी तक रिपोर्ट नही किया।

बता दे की आयुर्वेद को स्वास्थ संस्थानों से जोडऩे के लिए आयुष मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय ने हाल ही में इस संबधं में मिलकर फैसला लिया था।रक्षा मंत्रालय और आयुष मंत्रालय के बीच हुए एमओयू (समझौता ज्ञापन) के बाद इसके आदेश जारी किए गए थे। आदेशों में स्पष्ट किया गया था कि एक मई से कैंट क्षेत्रों में आयुर्वेद पद्धति से लोगों का उपचार किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने इस सुविधा को शुरू कराने के लिए एक टीम का गठन भी किया है। अब आयुष मंत्रालय अनुभवी चिकित्सकों और फार्मासिस्टों की तैनाती कर रहा। सूबे के डगशाई, कसौली, जतोग, सुबाथू, बकलोह,योल और डलहौजी कैंट भी शामिल। हिमाचल प्रदेश के बाकि के कैंट क्षेत्र डगशाई, योल, जतोग, सुबाथू, डलहौजी और बकलोह कैंट अस्पतालों में भी यह सुविधा शुरू की जा चुकी है। (एचडीएम)

सुविधा मिलने से लोगों में खुशी की लहर
सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आयुर्वेद एक प्राचीन और दुर्लभ चिकित्सा है। जो रोग को समूल नष्ट करने की क्षमता रखती है। अब कसौली छावनी में इस सुविधा के मिल जाने से लोगों को स्वयं अपने स्तर पर रोग निदान हेतु विकल्प चुनने की सुविधा होगी जो कि सरकार का एक सराहनीय कदम है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App