धरातल पर दिखे असर, ज्ञान चंद के निर्देश, पहली से प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने को छेड़ें अभियान

By: Jul 1st, 2022 12:01 am

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के निर्देश, पहली से प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने को छेड़ें अभियान

चंडीगढ़, 29 जून (ब्यूरो)

हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि सात सरोकारों के चलते पंचकूला की विशिष्ट पहचान बनने लगी है। इन सरोकारों में शहर को प्लास्टिक मुक्त करना भी प्रमुख लक्ष्य है। केंद्र और प्रदेश सरकार भी प्लास्टिक से मुक्ति के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहर के लिए इन योजनाओं का समुचित लाभ लें। बैठक में योजना बनी कि पंचकूला को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए पहली जुलाई से बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया जाएगा। वहीं 9 जुलाई से 16 जुलाई तक स्वच्छता सप्ताह मनाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक वार्ड का एक नोडल अधिकारी नियुक्त होगा। पंचकूला को प्लास्टिक मुक्त करने का खाका तैयार कर लिया गया है। इसके लिए एक तरफ बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलेगा, तो दूसरी ओर चालान करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर योजना बना ली गई है। विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने बुधवार को पंचकूला जिला के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक कर इसके लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल, जिला उपायुक्त महावीर कौशिक, नगर निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह, पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र पाल सिंह, एसीपी ममता सौदा समेत अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने स्पष्ट हिदायत दी है कि यह सफाई अभियान औपचारिकता निभाने या फोटो खिंचवाने तक सीमित न रह जाए, इसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। इसी प्रकार उन्होंने पौधरोपण को लेकर भी व्यापक योजना बनवाई। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पौधों की संख्या दिखाना न होकर पौधे को बचाना रहना चाहिए। शहर को प्लास्टिक मुक्त करने के अभियान के तहत नगर निगम, मार्केटिंग बोर्ड और पुलिस प्रशासन मिलकर गैरकानूनी रूप से प्लास्टिक के थैलों का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के चालान करेंगे। गौरतलब है कि इसी साल 25 फरवरी को शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने दिशा-निर्देश जारी कर राज्य में अप्रयुक्त और पुनरू चक्रित प्लास्टिक से बने कैरी बैग और वस्तुओं के विनिर्माण, भंडारण, वितरण, विक्रय और उपयोग पर पाबंदी लगाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App