चंडीगढ़ में दिन दहाड़े युवक की हत्या; कहासुनी पर विवाद; चाकू घोंप कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

By: Jul 28th, 2022 12:06 am

सेक्टर 26 के बापूधाम में कहासुनी पर विवाद; चाकू घोंप कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़, २७ जुलाई (मुकेश संगर)

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित बापूधाम में बुधवार दिन दहाड़े एक व्यक्ति की चाकू घोप कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय अवतार सिंह के रूप में हुई है। वहीं, आरोपित की पहचान जय किशन के तौर पर हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि जय किशन और अवतार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में आरोपित ने अवतार सिंह और उसकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित जय किशन ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी आरती को गंभीर हालत में जीएमएसएच 16 में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने उसे पीजीआई रैफर कर दिया है। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है। अवतार सिंह और आरोपित जय किशन की बापूधाम कालोनी में ही खिलौनों की दुकान है। दोनों की दुकान साथ-साथ है।

किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और बीचबचाव करने पत्नी आरती पर भी उसने चाकू से हमला कर दिया। आरोपित ने एक रेहड़ी से चाकू निकाल कर अवतार और उसकी पत्नी पर हमला किया है। आरती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे जीएमएसएच-16 से पीजीआई रैफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक पहले भी दोनों के बीच दुकानदारी को लेकर झगड़ा होता था। बुधवार सुबह घटना के दौरान अवतार सिंह अपनी दुकान पर बैठा था। पत्नी आरती भी उसके साथ दुकान में ही मौजूद थी। इस बीच जय किशन और अवतार के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि जय किशन अवतार के पेट में चाकू घोंप दिया। मृतक अवतार सिंह और आरती के तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही सेक्टर-26 थाना और बापूधाम चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने अवतार को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App