डीएस ठाकुर ने डलहौजी से भरा नामांकन पत्र

By: Oct 22nd, 2022 12:56 am

काफिले के साथ सुंडला के मेला ग्राउंड में जनसभा को किया संबोधित
निजी संवाददाता, सलूणी
डलहौजी हलके से भाजपा प्रत्याशी डीएस ठाकुर ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान उपमंडल मुख्यालय में हजारों की तादाद में लोगों की भीड़ जुटाकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री हर्ष महाजन, राज्य योजना आयोग बोर्ड के सदस्य मनोज चड्ढा, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विनोद महाजन व डलहौजी भाजपा मंडलाध्यक्ष विजय ठाकुर विशेष तौर से मौजूद रहे। डीएस ठाकुर ने भीड़ का अभिवादन स्वीकार करने के बाद एसडीएम कार्यालय जाकर नामांकन पत्र भरा। इसके बाद वाहनों के लंबे काफिले के साथ सुंडला का रुख किया। जहां मेला ग्राउंड में जनसभा को भी संबोधित किया।

डीएस ठाकुर ने कहा कि अगर जनता उन्हें विधानसभा में हलके के प्रतिनिधित्व का मौका देगी तो यहां मौजूद पर्यटन की अपार संभावनाओं के दोहन हेतु नीति बनाकर लोगों को घर-द्वार के नजदीक स्वरोजगार मुहैया करवाया जाएगा। डीएस ठाकुर ने कहा कि अब रजवाड़ाशाही का दौर समाप्त हो चुका है। आज के दौर में जनता ही राजा और जनता ही प्रजा है। उन्होंने कहा कि इस बार विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षोंं के दौरान जयराम सरकार ने डलहौजी हलके के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस अवसर भाजपा महिला मोर्चा डलहौजी की अध्यक्ष सत्यमेव जयते, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष फारूक बट्ट, जिला सचिव मदन ठाकुर, सोशल मीडिया संयोजिका मनीषा ठाकुर व आईटी सैल संयोजक दीपक कालिया, आसिफ बट्ट व मौसमदीन आदि ने उपस्थिति दर्ज करवाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App