Himachal : प्रदेश के आठ जिलों से बनेंगे नए कैबिनेट मंत्री, मुख्यमंत्री ने विधायकों संग की बैठक

By: Dec 12th, 2022 12:12 am

राकेश शर्मा—शिमला

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के साथ ही अब चर्चा मंत्रिमंडल विस्तार पर शुरू हो गई है। एक अहम बैठक भी की है। यह बैठक रविवार को शपथ ग्रहण के ठीक बाद हुई है। इस बैठक में कैबिनेट के विस्तार पर चर्चा की गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी चार से पांच दिन में सरकार की नई टीम बन जाएगी। मंत्रिमंडल में जिन जिलों को जगह मिल सकती है उनमें शिमला, सिरमौर, सोलन, किन्नौर, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और कुल्लू शामिल हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से हैं। मंत्रिमंडल के विस्तार में भी इसी संसदीय क्षेत्र को ज्यादा तवज्जो मिल सकती है। बिलासपुर से राजेश धर्माणी और हमीरपुर के सुजानपुर से राजेंद्र राणा के नाम पर भी मंत्री पद को लेकर चर्चा हुई है। हालांकि मंडी में कांग्रेस को ज्यादा फायदा नहीं मिला है। ऐसे में इस बार मंत्रीपद कुल्लू जिला को मिल सकता है।

यहां से सुंदर ठाकुर का नाम कांग्रेस की नई कैबिनेट के लिए चर्चा में चल रहा है। सबसे बड़े कांगड़ा जिला से मंत्रीपद की रेस में जवाली से चंद्र कुमार और धर्मशाला से सुधीर शर्मा का नाम शामिल हैं। वरिष्ठता के आधार पर इन दोनों के नाम पर कांग्रेस हाईकमान के साथ मुख्यमंत्री विचार-विमर्श कर चुके हैं। हालांकि किसी भी नाम पर अभी फैसला नहीं लिया गया है। चंबा के भटियात से कुलदीप पठानिया इस बार कैबिनेट मंत्री बनाए जा सकते हैं। सिरमौर से हर्षबर्धन चौहान को कैबिनेट रैंक मिलने की पूरी संभावना है। सोलन जिला में भी पूर्व मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल को जिम्मेदारी दे सकती है। शिमला से विक्रमादित्य सिंह और रोहित ठाकुर मंत्री पद की जिम्मेदारी निभाते इस बार नजर आएंगे, जबकि किन्नौर से जगत सिंह नेगी के नाम पर भी सहमति लगभग बन चुकी है। उन्हें जनजातीय कोटे से मंत्री पद मिल सकता है। (एचडीएम)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App