Eye Strain : क्या हैं आई स्ट्रेन से बचने के उपाय, जानें इस खबर में

By: Oct 14th, 2022 8:15 pm

लैपटॉप या मोबाइल पर ज्यादा काम करने या इस्तेमाल करने के कारण आंखों में भारीपन महसूस होने लगता है। भारीपन के कारण आपको आंखों से देखने में जोर लगाना पड़ता है। इसके साथ ही लैपटॉप के ज्यादा इस्तेमाल से आंखों में जलन, धुंधलापन नजर आ सकता है। आंखों में रेडनैस भी आंखों में जोर पडऩे का एक लक्षण है। डार्क सर्किल बढऩे का कारण भी आंखों पर पड़ रहा जोर या स्ट्रेन हो सकता है। आई स्ट्रेन से बचने के लिए आप कुछ आसान उपायों को ट्राई कर सकते हैं। जानते हैं इनके बारे में।

पलक झपकाना न भूलें- बार-बार पलक झपकाने से आंखों में नमी बनी रहती है और आंखों पर जोर नहीं पड़ता। काम के दौरान आंखों पर जोर पड़ता है, तो रंगों के संयोजन पर गौर करें। सफेद बैकग्राउंड पर काले अक्षरों को देखने पर आंखों पर कम जोर पड़ता है। इसके साथ ही ध्यान रखें कि आपकी स्क्रीन साफ हो। उसे सूखे कपड़े से साफ करते रहें और स्क्रीन पर अंगुली के निशान न लगने दें।

लाइट का ख्याल रखें- अंधेरे में काम न करें, लैपटॉप या मोबाइल पर काम के दौरान आपके आसपास पर्याप्त लाइट होनी चाहिए। आपको इस बात का भी ख्याल रखना है कि आसपास की रोशनी, स्क्रीन की रोशनी से ज्यादा न हो, नहीं तो आंखें चौंधिया सकती हैं। हर घंटे में आपको 1 से 2 बार लैपटॉप की स्क्रीन से नजरें हटाकर दूर तक देखना चाहिए।

लैपटॉप की सेटिंग ठीक करें- आपको अपने लैपटॉप की सेटिंग ठीक करनी चाहिए। ऑटो ब्राइटनैस मोड ऑफ रखें। स्क्रीन की ब्राइटनैस, कांट्रास्ट, फोंट को आसपास की रोशनी के मुताबिक रखें। आपको आंखों को स्वस्थ रखने के लिए हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 इंच दूर तक देखना चाहिए।

स्क्रीन की सही पोजीशन- काम के दौरन आंखों पर जोर पड़ रहा हो, तो उसका कारण स्क्रीन की गलत पोजीशन भी हो सकती है। आप को स्क्रीन और अपने बैठने की जगह को एडजस्ट करना चाहिए। बहुत पास या ज्यादा दूर बैठने के कारण आंख पर जोर पड़ सकता है। सही दूरी की बात करें, तो लैपटॉप की पोजीशन आंखों के स्तर से थोड़ा नीचे होनी चाहिए और दोनों के बीच 20 से 25 इंच का गैप होना चाहिए।

प्रदूषित हवा से आंखों को बचाएंं- काम के दौरान आई स्ट्रेन का कारण आपके आसपास की जगह हो सकती है। कहीं आप खिडक़ी के आसपास या गेट के निकट तो नहीं बैठते हैं? अगर ऐसा है, तो अपनी जगह बदल लें। हवा में प्रदूषण और धूल के कण मौजूद होते हैं। इससे आंख में जलन हो सकती है और जोर पड़ सकता है। आंखों में तनाव का कारण लैपटॉप पर जमी गंदगी भी हो सकती है इसलिए आंखों को साफ रखने के लिए अपने आसपास की चीजों को साफ रखें। आंखों में किसी भी तरह के लक्षण नजर आने पर तुरंत डाक्टर से संपर्क करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App