विशेष

HP Election-2022: भरे मंच पर निकले अनुराग के आंसू?

By: Oct 21st, 2022 1:42 pm

सुजानपुर। विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह की नॉमिनेशन के लिए सुजानपुर पहुंचे केंद्रीय सूचना प्रसारण एंव खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर जब मंच पर अपना संबोधन कर रहे थे, तो वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को याद करते हुए रो पड़े, नम आंखों से उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया। इस दौरान मंच पर विराजमान भाजपा मंडल पदाधिकारी स्थानीय जनता भी धूमल को याद करके रोने लगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि धूमल प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ एक आम कार्यकर्ता बनकर विधानसभा क्षेत्र में काम करते रहे हैं, जहां से उन्हें चुनाव लडऩे के लिए बोला गया, वह लड़े । वर्तमान में भी आम कार्यकर्ता बनकर सक्रिय हैं और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की जीत को लेकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सुजानपुर में कमल खिलाना है और पुरानी हार का बदला लेना है, इसलिए हर कार्यकर्ता धूमल जी को उम्मीदवार मान कर कमल के फूल पर निशान लगाकर सुजानपुर की सीट को भारी मतों से जीताकर नरेंद्र मोदी की झोली में डालें।

उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से जीत का आगाज होगा पूरे जिले की पांचों की पांचों सीटें भाजपा जीतेगी, इसलिए 20 दिन पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने में लग जाए। उन्होंने कहा कि धूमल जैसा न कोई है, न कोई था और न कोई होगा, इसलिए हर मोर्चे को अपनी जिम्मेदारी निभानी है। पूर्व सैनिक अपने सैनिक उम्मीदवार को जिताने की कसम खाएं। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, मंडल पदाधिकारी, भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जीत सुनिश्चित करने में अहम योगदान दे। इससे पहले यहां पहुंचे केंद्रीय मंत्री का सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। युवा वर्ग में धूमल जिंदाबाद, धूमल से सरकार है, के नारे लगाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App