HP Election-2022: सराज से रिवाज बदलने का आगाज

By: Oct 19th, 2022 2:36 pm

अमन अग्निहोत्री—थुनाग

थुनाग। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सराज विस के सम्मान की लड़ाई है। इसे बीच में नहीं छोड़ा जा सकता हैं। बुधवार को सराज में नामांकन भरने से पहले कुथाह में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब मैं गांव गांव में, घर घर में नहीं जा सकता हूं, जो यहां बैठे हैं, आप सब हैं, आप सब मेरे लिए जाएंगे। कुछ कहेंगे कि वोट मांगने नहीं आया, लेकिन मैं आप सबके दिलों में रहता हूं।

इस सम्मान की हमें कद्र करनी है। हमने शिखर पर सराज का नारा दिया था, उसे आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कुछ नहीं बचा है। इस बार प्रदेश में रिवाज बदल रहा है और सराज से हम शुरआत करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन लोगों ने अपनी मानसिकता दिखा दी है कि वो बड़े हैं, लेकिन जो बड़ों से नहीं हो सका, वो हम छोटे लोग बदल कर दिखाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि आज हम फिर से लोकतंत्र के महापर्व में प्रवेश कर रहे हैं। 25 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद आपका आशीर्वाद लेने आया हूं। कई बार कल्पना करता हूं। कहां से चले, कहां पहुंचे। कम साथी होते थे। हिम्मत देनी पड़ती थी, लेकिन साथी जुड़ते गए और कारवां बन गया।

जिस बात की कभी हमने कल्पना नहीं की थी, वहां आज हम सब हैं। उन्होंने कहा कि 1993 में जब पहला चुनाव लड़ा तो कई मतदान केंद्रों पर एक भी साथी हमें नहीं मिला, लेकिन तय किया कि रास्ता कठिन है, पर आगे बढऩा है और साथी जुड़ते गए। सराज के पहाड़ हमारे संघर्ष के गवाह हैं। पहाड़ चढ़े, थके भी, रुके भी, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कहा अच्छे दिन भी आए, बुरे भी आए, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। लोगों ने हौसला दिया और साथ नहीं छोड़ा। तभी आज यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा जब निर्णय लिया तो सराज में ही नहीं, बल्कि पूरे जिला और प्रदेश में दोस्त मिलते गए।

सराज के ऋण की पाई-पाई करुंगा चुकता


मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझे हौसला सराज से मिलता है। सराज के भाई बहनों के प्यार ओर आशीर्वाद से मिलता है। तभी 25 वर्षो का सफर पूरा हुआ है। मैं सराज के देवी देवताओं का भी आभारी हूं, जिनका आशीर्वाद मिला। जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया। उन्होंने कहा जिन परेशानियों ओर माहौल से मोदी गुजरे हैं, उनसे सराज का बेटा भी गुजरा है। यह सब सहज रूप से नहीं हुआ। इसके पीछे सराज के भाई बहनों की ऊर्जा थी। 2007 में जब भाजपा अध्यक्ष बना तो चुनाव में बड़ी चुनोती थी। कांग्रेस की सरकार थी और कांग्रेस ने ठाना था कि जयराम को हराना है और कहते भी थे कि जो अध्यक्ष बनता है, वह हार जाता है, लेकिन आपके आशीर्वाद से हम जीत गए। मंत्री बना, तो फिर कहा कि हराना है, लेकिन फिर आपके आशीर्वाद से जीत गए। आज यहां हूँ तो सब आपका दिया है। इस ऋण को कैसे चुकता करूंगा। अवसर मिलता रहा तो पाई पाई चुकता करूंगा।
अमित शाह ने कहा था कि बड़ा आदमी बनाएंगे


जयराम ने कहा पिछले चुनावों में पार्टी से फ़ोन आया कि अमित शाह का कार्यक्रम करना है। उन्होंने कहा कि मैं विशेष रूप से आया हूं। आपसे मिलना था। उन्होनें कहा कि इन्हें पांचवीं बार जिताएं, हम इन्हें बड़ा आदमी बनाने वाले हैं। हमने सोचा कि बड़ा आदमी क्या होगा और फिर परिस्थितियां ऐसी बदली की सराज का भाग्य बदल गया। उन्होंने कहा कि आज मैं प्रत्याशी के रूप में आपके सामने हूँ, लेकिन बतौर मुख्यमंत्री भी आज एक सराजी नामांकन भर रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे अब पूरे प्रदेश जाना पड़ेगा। पार्टी ने भी जिम्मेदारी है। मोदी, अमित शाह और नड्डा का शुभकामनाएं हमें हैं और आज पार्टी का पहला नॉमिनेशन है। यही से आज भाजपा के चुनाव प्रचार की शुरुआत हो रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App