विशेष

HP Election-2022: 20 आरक्षित सीटें करेंगी राजतिलक

By: Oct 21st, 2022 4:49 pm

विशेष संवाददाता—शिमला

शिमला। प्रदेश की 20 आरक्षित सीटों के समीकरण इस दफा यह तय करेंगे कि विधानसभा में किसका राजतिलक होगा और कौन से दल को विपक्ष में बैठना पड़ेगा। प्रदेश की कुल 68 सीटों में से 17 विधानसभा सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं, जबकि तीन सीटें जनजातीय वर्ग की हैं। इनमें से भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव में 15 का बड़ा आंकड़ा छूने में कामयाबी हासिल की थी। भाजपा के खाते में आई इन सीटों में से 13 अनुसूचित वर्ग की थीं, जबकि दो सीटें अनुसूचित जनजाति के खाते से भाजपा जीतने में कामयाब रही थी। कांग्रेस को उस समय महज पांच सीटों से ही संतोष करना पड़ा था। इनमें से चार अनुसूचित जाति जबकि एक अन्य सीट अनुसूचित जनजातीय की थी। यह उस समय बड़ी वजह थी जो कांग्रेस सत्ता की चौखट तक नहीं पहुंच पाई। हिमाचल विधानसभा की बात करें तो यहां 68 का कुल योग बनता है और इसमें सत्ता तक पहुंचने के लिए एक तिहाई सीटों की जरूरत है।

यानि 35 से ज्यादा सीटें जो राजनीतिक दल जीतेगा, उसकी अगली सरकार प्रदेश में होगी। अब बात 20 आरक्षित सीटों की करें तो इनमें दस से ज्यादा सीटें जीतने वाले की सरकार बनना तय है। अनुसूचित जाति और जनजाति की सीटों की खास अहमियत को देखते हुए कांग्रेस ने इन पर उम्मीदवार तय करने में खासा पसीना बहाया है। बड़ी माथापच्ची के बाद पार्टी हाईकमान ने एक साथ आठ टिकट बदल दिए हैं। जबकि दो सीटों पर फैसला आखिरी क्षणों तक पहुंचा है। इनमें से एक अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित जयसिंहपुर है तो दूसरी जनजातीय कोटे से किन्नौर की सीट है। कांग्रेस ने जिन आरक्षित सीटों पर इस बार फेरबदल किया है उनमें सबसे बड़ा फैसला चुराह विधानसभा क्षेत्र से सामने आया है।

यहां पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष रहे सुरेंद्र भारद्वाज का टिकट काटकर यशवंत खन्ना को अवसर दिया है। पच्छाद में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की राजनीतिक पारी भी इस विधानसभा चुनाव में खत्म हो रही है। कांग्रेस ने उनकी टिकट दयाल प्यारी को थमा दी है। इसके अलावा चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार की जगह सुदर्शन सिंह बबलू, इंदौरा से कमल किशोर का टिकट काटकर मलेंद्र राजन, आनी में किशोरी लाल की जगह बंसी लाल कौशल, करसोग में मंशा राम की जगह महेश राज, नाचन में लाल सिंह कौशल की जगह नरेश कुमार को टिकट दी गई है। उधर, कांग्रेस मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने इस बार सभी सीटों पर दमदार प्रत्याशियों को अवसर दिया है। पार्टी के प्रत्याशी बड़े मतांतर से जीतने वाले हैं। पार्टी ने आरक्षित सीटों पर लगातार बैठकें की हैं और इसका नतीजा चुनाव परिणाम के रूप में जरूर सामने आएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App