विशेष

HP Election: सरकार बदलने की परंपरा अच्छी; हिमाचल इसे कायम रखे, मंडी में गरजीं प्रिंयका

By: Oct 31st, 2022 4:30 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—मंडी

मंडी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंडी के पड्डल मैदान में कांग्रेस रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जिस सरकार ने काम नहीं किया है, उसे बदलने की परंपरा अच्छी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी के पड्डल मैदान में कांग्रेस रैली के लिए पहुंची प्रियंका गांधी ने कहा हिमाचल के लोग खुद्दार हैं। अपना अच्छा बुरा अच्छी तरह समझते हैं, इसलिए जो लोग यह कह रहे हैं कि परंपराएं सही नहीं हैं, वह गलत बोल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश अध्यात्मिक सांस्कृतिक और लोग नीति का प्रदेश है। यहां अच्छी परंपराओं को नहीं बदला जाता है।

इसलिए हिमाचल में सरकार बदलने की परंपरा अच्छी है। इसे हिमाचल की जनता कायम रखें। इससे नेताओं को भी सीखने का मौका मिलता है, जिसने काम नहीं किया उसे 5 साल बाद बदला जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश की जनता जब मतदान करने जाए, तो याद रखे कि 5 सालों में इस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को क्या दिया है। इससे पहले प्रियंका गांधी ने अपनी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी को उनकी पुण्य तिथि पर याद किया और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मेरी दादी का हिमाचल प्रदेश के साथ आध्यात्मिक और प्रेम का रिश्ता था। हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का तोहफा उन्होंने शिमला पहुंच कर बर्फ के गिरते फ़ाहों के बीच दिया था, तो कुछ लोग कह रहे थे कि हिमाचल नहीं चल पाएगा।

हिमाचल के पास पैसा नहीं है और इन लोगों ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का विरोध किया था, लेकिन आज आप सब की मेहनत से हिमाचल प्रदेश कहां तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि आज भी लोग मेरी दादी इंदिरा गांधी को याद करते हैं, जिसकी वजह प्यार, प्रेम, समर्पण और बलिदान है, लेकिन आज की राजनीति में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है जो आज की राजनीति में कम ही दिखता है। आज की राजनीति में पैसेबाजी, मीडियाबाजी, झूठ का बोलबाला है। प्रियंका गांधी ने कहा हिमाचल की जनता अपने अनुभव पर चले। बड़े बड़े नेता यहां से हैं, लेकिन हिमाचल के युवाओं को क्या मिला है। जयराम ठाकुर ने अपने क्षेत्र में काम किया होगा, लेकिन युवाओं के लिए क्या क्या किया। किसी को रोजगार नहीं दिया है। 63 हजार नौकरियां खाली पड़ी हैं। महंगाई से मारा जा रहा है। दूध ब्रेड तक महंगे जीएसटी से महंगे कर दिए। सेब के गत्ते पर पर जीएसटी लगा दिया। फसल के दाम किसान तय नहीं कर पा रहे हैं। सेब टमाटर के दाम सही नहीं मिल रहे हैं। सडक़ों की हालत बुरी है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने तो कर्मचारियों की पेंशन छीन ली। ऐसे लोगों को पांच साल और देकर कर क्या करेंगे। अपने अनुभव से काम लें। उन्होंने कहा की एक लाख रोजगार पहली कैबिनेट से देने की प्रकिया शुरू की जाएगी। पांच साल में पांच लाख रोजगार कांग्रेस सरकार देगी। मोहल्ला क्लीनिक खोलेंगे। 680 करोड़ का स्टार्टप फंड देंगे। बिना ब्याज लोन देंगे। सरकार ने आपसे डिग्री छीनी, हम रोजगार देंगे। उसी परंपरा को बना कर रखे। सरकार बदलने से नेता सीखता है।

जैसे नरोतम बजीर को बदला, वैसे बदले सरकार
प्रियंका गांधी ने कहा कि बहुत से दशक पहले मंडी में एक बजीर नरोत्तम हुआ करते थे। वे लोगों पर बहुत अत्याचार करते थे। सुविधाएं भी नहीं देते थे और लोगों से धन वसूलते थे। इससे दुखी होकर लोगों ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया था। आज ठीक वैसा ही मंडी के लोगों के साथ पांच साल तक हुआ है और अब समय आ गया है कि मंडी की जनता इस सरकार को भी सत्ता से बेदखल कर दें।

बाबा भूतनाथ मंदिर में प्रियंका


बाबा भूतनाथ मंदिर में की प्रियंका गांधी ने पूजा अर्चना कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी कांगनी हेलिपोर्ट पर उतरने के बाद सीधे मंडी शहर के बीचों बीच स्थापित बाबा भूतनाथ मंदिर में पहुंची और यहां उन्होंने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की। प्रियंका गांधी अपने साथ पूजा की सामग्री भी साथ लेकर आई थी और पूजा अर्चना करने के लिए वह 20 मिनट तक मंदिर में रुकी रही। इस दौरान प्रोटोकॉल तोडक़र वह लोगों से भी मिली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App