हिमाचल को मत्स्य उत्पादन पर दमन में प्रथम पुरस्कार, निदेशक सतपाल मेहता ने प्राप्त किया अवार्ड

By: Nov 22nd, 2022 9:58 pm

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर मत्स्य विभाग के निदेशक सतपाल मेहता ने प्राप्त किया अवार्ड

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—बिलासपुर

विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य पर भारत सरकार और राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड हैदराबाद द्वारा स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम दमन में आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल को पहला पुरस्कार मिला है। इस कार्यक्रम में पिछले तीन वर्षों 2019-20 से 2021-22 के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों को पुरस्कृत किया गया। इसमें हिमाचल प्रदेश को पहाड़ी राज्यों एवं उत्तर पूर्वी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार दिया गया है। प्रदेश की ओर से राज्य के मत्स्य विभाग के निदेशक सतपाल मेहता ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। भारत सरकार के मत्स्य विभाग के सचिव जितेंद्र नाथ स्वैन द्वारा हिमाचल प्रदेश को दस लाख की वित्तीय प्रोत्साहन राशि, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट किया गया है।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद मत्स्य निदेशक सतपाल मेहता ने बताया कि हिमाचल में मत्स्य पालन और इससे जुड़ी योजनाओं को लोगों तक सफलतापूर्वक पहुंचाने में हर संभव प्रयास किया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश में 16015.81 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन किया गया और 233.56 लाख रुपए मूल्य आंकी गई, जबकि वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान 15288.60 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन किया गया और लगभग 184.44 लाख रुपए मूल्य आंकी गई है। शीत जल मात्स्यिकी के अंतर्गत हिमाचल में मुख्यत: ट्राउट मछली का 927 मीट्रिक टन उत्पादन किया है और 51 करोड़ रुपए की मछली की बिक्री की गई। इसके अतिरिक्त प्रदेश में कार्प बीज उत्पादन लगभग 1035.00 लाख किया और ट्राउट सीड प्रोडक्शन 25.35 लाख किया है। सतपाल मेहता के अनुसार हिमाचल प्रदेश में लगभग 14544 लोग सीधे मत्स्य पालन से जुड़ेे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App