वर्ष 2022 में प्रदेश के खेल व खिलाड़ी

By: Dec 30th, 2022 12:06 am

राष्ट्रीय खेलों में धाविका सीमा ने भी लंबी दूरी की दौड़ दस हजार मीटर में स्वर्ण पदक जीता है। सेना की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए सावन ने भी इस दौड़ में रजत पदक जीता है व अंकेश चौधरी ने आठ सौ मीटर में पदक जीता है। वरिष्ठ राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी सीमा व सावन का पदक विजेता प्रदर्शन रहा। अण्डर 23 आयु वर्ग में नितिका ने हिमाचल प्रदेश को 1500 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपने जोन से 1500 मीटर की दौड़ में नितिका व शिवम ने रजत पदक जीत कर क्वालीफाई कर लिया है…

खेलों का संबंध केवल राष्ट्र गौरव, मनोरंजन व स्वास्थ्य से ही नहीं है अपितु यह राष्ट्र की तरक्की व खुशहाली का राज भी आसानी से बता देते हैं। ओलंपिक खेलों की पदक तालिका से साफ पता चलता है कि कौन कौन देश क्रम में ऊपर से नीचे हैं और वहां प्रौद्योगिकी व चिकित्सा के क्षेत्र में कितनी उन्नति हुई है। विश्व के जो जो देश जितने विकसित हैं वे ओलंपिक की पदक तालिका में उतने ही ऊपर हैं। अमेरिका अधिकतर पदक तालिका में सबसे ऊपर होता है और वह संसार का सबसे विकसित देश भी है। यही हाल किसी भी देश में उसके राज्यों का होता है। हिमाचल प्रदेश भी खेलों में तरक्की कर रहा है, मगर उसकी गति अभी बहुत धीमी है। फिर भी कुछ हिमाचली देश की खेलों में बहुत बड़ा नाम हैं।

वही भारत को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाते रहे हैं। वर्ष 2022 में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन बर्मिंघम में हुआ। हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी ही नहीं, खेल प्रशासक व टीम सहायक भी अपने क्षेत्रों में माहरत हासिल कर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वालों में शुमार हो गए। इस वर्ष जुलाई में संपन्न हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल की अगुवाई चीफ डिमिशन बनकर हिमाचल प्रदेश के खेल प्रशासक राजेश भंडारी ने की है। हिमाचल प्रदेश में मुक्केबाजी को प्रंबधन देते देते भारतीय मुक्केबाजी के अच्छे प्रशासक रहे राजेश भंडारी हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव भी हैं। हिमाचल प्रदेश मुक्केबाजी संघ के साथ लंबे अरसे तक काम करते हुए राजेश ने हिमाचल प्रदेश की मुक्केबाजी को एक सम्मानजनक स्थान दिलाया है। अगले साल चीन के फांगंजू में होने वाले एशियाई खेलों में राजेश भंडारी इन खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा की प्रबंधन समिति के सचिव चुने गए हैं जो देश व प्रदेश के लिए गौरव की बात है। प्रदेश भारोत्तोलन संघ के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने बर्मिंघम खेलों में भारतीय भारोत्तोलन दल के प्रबंधक के रूप में भाग लिया है। प्रदीप शर्मा हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग में स्कूली प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं।

हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत डॉक्टर कर्ण भी खेल चिकित्सक के रूप में भारतीय मुक्केबाजी दल के साथ शिरकत की है। डॉक्टर कर्ण टोक्यो ओलंपिक सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। ऊना के अंतरराष्ट्रीय जूडो प्रशिक्षक जीवन शर्मा ने भी राष्ट्रमण्डल खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। हिमाचल प्रदेश की संतानों ने भी पहाड़ की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को पार पाते हुए विभिन्न क्षेत्रों सहित खेलों में भी विश्व स्तर तक सफलता की ऊंचाइयों को छुआ है। राष्ट्रमण्डल खेलों में पिछले दो बार के रजत पदक विजेता हमीरपुर के विकास ठाकुर इस तीसरी राष्ट्रमण्डल खेलों में पदक जीतने के लिए कृतसंकल्प होकर एक बार फिर रजत पदक जीता है और इस बार भारत सरकार ने इस भारोत्तोलक को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया है। प्रदेश के ओलंपियन आशीष चौधरी ने भारतीय मुक्केबाजी टीम का हिस्सा बन कर भारत का प्रतिनिधित्व राष्ट्रमण्डल खेलों में किया। टोक्यो ओलंपिक हाकी में कांस्य पदक विजेता भारत की टीम के सदस्य चंबा के वरुण इस बार बर्मिंघम में भारत को स्वर्ण पदक जीतने में सहायक हुए। हिमाचल प्रदेश की दो बेटियां हरलीन व किरण ठाकुर ने क्रिकेट टीम में भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारत ने महिला क्रिकेट में पहली बार राष्ट्रमण्डल खेलों में भाग लिया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमीरपुर के राजेश सांगल ने ताशकंद में प्रबंधक के रूप में भारतीय भारोत्तोलन टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस साल गुजरात में हुए राष्ट्रीय खेलों में हिमाचल प्रदेश की महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीता। वरिष्ठ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी हिमाचल प्रदेश की टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। खेलो इंडिया में हिमाचल प्रदेश के लडक़ों ने भी स्वर्ण पदक जीत कर भविष्य में अच्छा करने का संकेत दे दिया है। महिला हैंडबाल में इस वर्ष भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश की लड़कियां छाई रही। मुक्केबाजी में राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश के लिए मीनाक्षी व सुनिता ने रजत पदक जीता है। राष्ट्रीय खेलों में कुश्ती प्रतियोगिताओं में पहलवान रानी व राधा ने रजत पदक व नीरज ने कांस्य पदक जीत कर पदक तालिका को चमकाया है। हाल ही में आयोजित वरिष्ठ राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में रानी व सोनिका ने कांस्य पदक जीते हैं। राष्ट्रीय खेलों में धाविका सीमा ने भी लंबी दूरी की दौड़ दस हजार मीटर में स्वर्ण पदक जीता है। सेना की ओर से प्रतिनिधित्व करते हुए सावन ने भी इस दौड़ में रजत पदक जीता है व अंकेश चौधरी ने आठ सौ मीटर में पदक जीता है। वरिष्ठ राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी सीमा व सावन का पदक विजेता प्रदर्शन रहा। अण्डर 23 आयु वर्ग में नितिका ने हिमाचल प्रदेश को 1500 मीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपने जोन से 1500 मीटर की दौड़ में नितिका व शिवम ने रजत पदक जीत कर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। हिमाचल प्रदेश स्कूली खेलों का भी जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक सफल आयोजन हुए। विश्वविद्यालय स्तर पर भी अधिकांश खेलों के अंतर महाविद्यालय खेल आयोजित हो गए हैं। इस साल विभिन्न खेल संघों ने भी अपने जिला व राज्य स्तरीय खेलों का आयोजन किया। कोरोना के बाद अब खेल लगभग सुचारू रूप से अपनी गति में एक बार फिर 2022 में आगे बढ़ते नजर आए। 2022 खेल जगत को अलविदा कह कर अगले साल के लिए शुभकामनाएं देता है। आशा है अगले साल भी अच्छा प्रदर्शन होगा।

भूपिंद्र सिंह

अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रशिक्षक

ईमेल: bhupindersinghhmr@gmail.com


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App