सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री डिप्टी सीएम

By: Dec 10th, 2022 5:36 pm

राजधानी में दिनभर चली उठापटक के बाद फैसला
राजेश मंढोत्रा — शिमला
हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार चुनाव जीत कर आए सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के नए मुख्यमंत्री होंगे। उनके साथ हरौली विधानसभा क्षेत्र से जीत कर आए पूर्व मंत्री मुकेश अग्निहोत्री राज्य के पहले उप मुख्यमंत्री होंगे। मुकेश अग्निहोत्री इस बार पांचवीं बार चुनाव जीत कर आए हैं। शिमला में दिनभर चली राजनीतिक उठापटक के बाद आखिर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस ने फैसला ले लिया। इससे पहले शुक्रवार को हुई विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के सभी 40 विधायकों ने सिंगल लाइन प्रस्ताव पास कर कांग्रेस हाईकमान को मुख्यमंत्री के रूप में फैसला लेने के लिए अधिकृत किया था, लेकिन अगले ही दिन शनिवार को सुबह से ही होटल सिसिल में पर्यवेक्षकों से विधायकों का मिलना शुरू हो गया। मुख्यमंत्री पद के चयन के लिए हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के अलावा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को शिमला भेजा गया था। इन तीनों ने विधायकों के साथ दोबारा से होटल सिसिल में चर्चा की और फिर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह कंैपेन कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री को वहां बुलाया गया।

कांग्रेस हाईकमान के साथ चर्चा में सुखविंदर सुक्खू का नाम तय हुआ, लेकिन उपमुख्यमंत्री को लेकर खींचतान चलती रही। होलीलॉज के समर्थक पहले होटल सिसिल के बाहर और उसके बाद विधानसभा परिसर के भीतर तक मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के पद के लिए नारेबाजी करते रहे। शाम को पर्यवेक्षकों ने फिर से विधायक दल की बैठक बुलाई पांच बजे बुलाई गई। इस बैठक को छह बजे तक शुरू किया जा सका, क्योंकि प्रतिभा सिंह और उनके साथ तीन-चार विधायक वहां लेट पहुंचे। इस बैठक में विधायक दल के नेता के तौर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू का चयन किया गया और सभी विधायकों ने इस पत्र पर सिग्नेचर किए। इस बैठक के बाद मुकेश अग्निहोत्री ने ही बुके देकर सुखविंदर सुक्खू को सम्मानित किया। इसके बाद सभी नेता राजभवन गए और सरकार बनाने के दावे के साथ विधायक दल का नेता चुने जाने का समर्थन पत्र राजभवन को सौंपा। नए मुख्यमंत्री के तौर पर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री के तौर पर मुकेश अग्निहोत्री का शपथ ग्रहण रविवार दोपहर बाद 1:30 बजे शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर होगा। इसके बाद कैबिनेट के लिए अलग से शपथ ग्रहण समारोह किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री हिमाचल के पहले उप मुख्यमंत्री होंगे। (एचडीएम)

हमीरपुर के नाम अनोखा रिकॉर्ड

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के नाम रविवार को एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज होने जा रहा है। रविवार को शपथ ग्रहण के साथ ही हमीरपुर देश का एकमात्र ऐसा संसदीय क्षेत्र बन जाएगा, जहां से एक प्रदेश के सीएम, डिप्टी सीएम, एक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, दो राज्यसभा सांसद और एक प्रमुख राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संबद्ध होंगे।

विरासत में मिली राजनीति
ऊना। ऊना का हरोली विधानसभा क्षेत्र जो कि संतोषगढ़ के नाम से जाना जाता था, से लगातार पांचवी बार विधायक बने मुकेश अग्निहोत्री अब हिमाचल के डिप्टी सीएम के पद तक पहुंच गए, जिससे उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया है, लेकिन मुकेश अग्निहोत्री का यह सफर आसान न था। यद्यपि राजनीति उन्हें विरासत में मिली, लेकिन उनके दुर्ग को पिछले पांच चुनावों में भाजपा भेद न पाई, यही वजह है कि प्रदेश कांग्रेस में उनका कद इतना बढ़ गया कि निचले हिमाचल व पड़ोसी जिला हमीरपुर से सुखविंदर सुक्खू सीएम बनाए जाने के वावजूद कांग्रेस हाई कमान को उन्हें डिप्टी सीएम के पद से नवाजना पड़ा। मुकेश अग्निहोत्री का जन्म नौ अक्तूबर 1962 को हुआ। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के स्टॉर प्रचारक भी रहे। पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह के करीबी रहे मुकेश अग्निहोत्री पत्रकारिता से राजनीति में आए और अब डिप्टी सीएम बनकर प्रदेश की राजनीति में अपना वर्चस्व दर्शाया है।

प्रदेश के लोगों से किया हर वादा पूरा करेंगे
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि मैं प्रदेश की जनता का बहुत बहुत धन्यवाद करना चाहूंगा। आज पार्टी ने सीएम पद की जिम्मेदारी सौंपी हैं। उसके लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करता है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी एवं अन्य सभी पदाधिकारियों का आभार जताता हूं। उन्होंने कहा कि हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App