सामुदायिक केंद्रों को खुद देखेगा निगम, चंडीगढ़ नगर निगम वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 10 करोड़ का रखेगा बजट

By: Feb 4th, 2023 12:06 am

चंडीगढ़, ३ फरवरी (ब्यूरो)

चंडीगढ़ नगर निगम अब सामुदायिक केंद्रों को बनाने के लिए अपना खुद का फंड रखेगा। अब तक शहर में प्रशासन ही सामुदायिक केंद्र बनाता था। उसके बाद निगम को सुपुर्द किया जाता था। नगर निगम वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 10 करोड़ रुपए का बजट रखने जा रहा है। इसमें पहले पांच सामुदायिक केंद्र बनाने का प्रावधान रहेगा। उसके बाद वित्त की स्थिति को देखते हुए आगे के कार्यों के बारे में विचार किया जाएगा। सात फरवरी को नगर निगम अपना बजट पेश करेगा, जिसमें इस प्रस्ताव को लाया जाएगा। प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग की ओर से पूरे शहर में सामुदायिक केंद्र का निर्माण किया जाता है, लेकिन सामुदायिक केंद्र की स्वीकृति मिलने के बाद उसके निर्माण में काफी समय लग जाता था।

कई पार्षदों का तो सामुदायिक केंद्र का प्रस्ताव पास होने के बाद पूरा कार्यकाल निकल जाता था, तब सामुदायिक केंद्र बनकर तैयार होता था। इस दौरान उसका उद्घाटन दूसरा पार्षद कर रहा होता था। प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल के साथ हुई बैठक में इसे लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई थी। प्रशासन ने निगम से कहा था कि आपके पास वित्त की व्यवस्था हो तो खुद भी सामुदायिक केंद्र का निर्माण करा सकते हैं। इसके बाद ही निगम ने पहली बार यह व्यवस्था रखी है। इस बार निगम स्वच्छता अभियान में एक कदम और बढ़ाते हुये गौशालाओं से निकलने वाले गोबर और मूत्र के निस्तारण का भी प्रस्ताव लेकर आ रहा है। इसके लिये निगम ने छह करोड़ रुपए से छह एफ्लूएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) लगाने का भी प्रस्ताव रखा है। यह गौशालाओं में लगाये जाएंगे, जिससे कि वहां से निकलने वाले गोबर और मूत्र को भी निस्तारित किया जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App