कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार पर सरकार की मुहर; 2 हजार करोड़ बजट, 3110 मीटर लंबा होगा रन-वे

By: Mar 17th, 2023 5:15 pm

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

कांगड़ा हवाई अडडे के विस्तार के लिए प्रदेश सरकार इस साल 2 हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट भाषण में इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि विस्तार कार्य में गति लाई जाएगी। कांगड़ा हवाई अड्डे की लंबाई को वर्तमान से बढ़ाकर 1 हजार 372 मीटर से बढ़ाकर 3 हजार 100 मीटर किया जाएगा।

इसके साथ ही रामपुर, बद्दी, कंगणीधार और मनाली में हैलीपोर्ट विकसित किए जा रहे है। सरकार इस साल कांगड़ा जिला को टूरिज्म कैपिटल के रुप में विकसित करेगी। इसके लिए एक विस्तृत प्लान तैयार किया गया है, जिसमें कांगड़ा में ही एक गोल्फ कोर्स का निर्माण किया जाएगा, वहीं जिला में पर्यटक ग्राम की स्थापना की जाएगी जिसमें स्थानीय कला, संस्कृति, हस्तकला, संगीत आदि को भी प्रसारित किया जाएगा। इसका फायदा ये होगा कि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल जाएंगे। इसके साथ ही सरकार ने फैसला लिया है कि नागरिकों की सुविधा के लिए ओल्ड एज होम भी विकसित किए जाएंगे। टूरिज्म कैपिटल में ही सोलर स्केटिंग रिंक, पौंग डैम में वाटर स्पोटर्स, शिकारा, यॉट आदि की सुविधा भी पर्यटकों को मिल सकेगी।

प्रदेश के हर जिले में 30 करोड़ से बनेंगे हेलिपोर्ट
इसके साथ ही संजौली और बददी से जल्द ही हैली टैक्सी सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा, कुल्लु लाहौल स्पीति और किन्नौर में हैलीपोर्ट बनाए जाने है। सरकार की इस योजना से सभी जिले वर्ष भर परिवहन से जुड़े रहेंगे। सरकार हैलीपोर्ट के निर्माण पर 30 करोड़ रूपए खर्च करेगी। इसके लिए डीसी की मदद से अधिकतर जिलों में जगह भी देखी गई है। जल्द ही सरकार इनका निर्माण कार्य शुरू कर देगी।

बनखंडी में 300 करोड़ से बनेगा चिडिय़ाघर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि कांगड़ा जिला के बनखंडी में 300 करोड़ की लागत से एक बड़े चिडिय़ाघर का निर्माण किया जाएगा। प्रथम चरण में इस पर 60 करोड़ रूपए खर्च होंगे। 180 हैक्टेयर क्षेत्र में तीन चरणों में इसका निर्माण कार्य किया जाएगा। यही नहीं प्रदेश सरकार ने इसके लिए भूमि का चयन भी कर लिया है।

पर्यटनों स्थलों में मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
एशियन डिवेल्पमेंट बैंक की मदद से प्रदेश सरकार हर टूरिस्ट प्वाइंट को आधुनिक बनाने पर काम करेगी। इसके लि पूरे प्रदेश में एक हजार 311 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। इसमें पर्यटकों को इलेक्ट्रिक्ल बस, वाटर स्पोटर्स,थीम्स पार्क, वे साइड एमिनेटस जैसी सुविधाएं दी जाएगी। वहीं मंडी शिवधाम का विकास और मनाली में आईस स्केटिंग और रोलर स्केटिंग का निर्माण कार्य भी किया जाना है।

वाकनाघाट में खुलेगा उत्कृष्ट केंद्र
पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने ये तय किया है कि कौशल विकास निगम के तहत वाकनाघाट मे उत्कृष्ट केंद्र की स्थापना की जाएगी। प्रदेश सरकार इस पर 68 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App